नोहर ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप (SVEEP) अभियान के तहत रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करते हुए निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।

28 अक्टूबर को आयोजित इस अभियान का सुपरविजन निर्वाचन अधिकारी (पंचायत चुनाव) एवं नोहर एसडीएम सुनीता यादव ने किया। अभियान का संचालन स्वीप प्रभारी शिवराज सिंह एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, नोहर के संयुक्त निर्देशन में हुआ। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाना और समाज के प्रत्येक वर्ग की चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

रैलियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने मतदाता जागरूकता संबंधी पोस्टर और नारों से लिखी तख्तियां हाथों में लेकर गांवों में भ्रमण किया तथा आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया।

रैली के दौरान ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ और ‘छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र में मताधिकार की महत्ता समझाई गई। ग्रामीणों से आगामी पंचायत चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मतदान के दिन अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।

एसडीएम सुनीता यादव के सुपरविजन में आयोजित इस अभियान के तहत स्वीप प्रभारी शिवराज सिंह एवं सीडीपीओ नोहर ने भी मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव, लालच अथवा भेदभाव के अपने विवेक के अनुसार मतदान करने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

नोहर ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में निकाली गई इन रैलियों के जरिए मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। प्रशासन का लक्ष्य आगामी पंचायतीराज चुनावों में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा लोगों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और जागरूक मतदान के लिए प्रेरित करना है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story