नोहर नगर पालिका में भाजपा नेताओं का स्वागत, संगठन मजबूती पर चर्चा
नोहर नगर पालिका अध्यक्ष के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में आगामी पंचायत चुनावों और राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा।

नोहर नगर पालिका अध्यक्ष हाजन खातून टाक के निवास पर आयोजित भाजपा नेताओं का स्वागत कार्यक्रम।
नोहर। नगर पालिका अध्यक्ष हाजन खातून टाक के निवास पर शुक्रवार, 13 नवंबर को भाजपा नेताओं के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक एवं सिकंदर टाक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल तथा हनुमानगढ़ जिला प्रभारी दिनेश धाबाई का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश एवं जिला स्तर के भाजपा नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, आपसी समन्वय और नोहर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
भाजपा नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने लंबे समय बाद नोहर नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनने पर खुशी जाहिर करते हुए इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया।
नेताओं ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा निकाय चुनाव की तरह आगामी पंचायत चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन कर अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल बनाए रखने, जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटू सेवग, ओम सोनी, पार्षद गंगाराम पांडिया, संतलाल, सुनील कार्या, सुरेंद्र सैनी, सुरेंद्र सहारण, देवीलाल पारीक, मुश्ताक, लाल मोहम्मद, पूर्व पार्षद गुलफान तथा भाजपा नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी, राजकुमार बच्चवानी सहित अनेक पार्षद एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
