नोहर 7 अक्टूबर। स्थानीय बिहानी स्टेडियम में विद्युत कनेक्शन का तार टूटने से पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचने के बावजूद अब तक टूटे तार को दुरुस्त नहीं किया गया है।

स्टेडियम में सुबह और शाम बड़ी संख्या में खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। शाम के समय अंधेरा होने के बाद पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हो रही है। इससे खेल प्रतिभाओं की नियमित तैयारी प्रभावित हो रही है।

बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर स्टेडियम के मैदान की देखरेख पर भी पड़ा है। विद्युत कनेक्शन बंद होने से पानी की व्यवस्था प्रभावित है। नियमित सिंचाई नहीं होने के कारण मैदान में लगी घास सूखने लगी है। खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का कहना है कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो मैदान की स्थिति और खराब हो सकती है।

खिलाड़ियों में रोष, जल्द समाधान की मांग

खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम शहर में खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां सुबह-शाम युवा नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। ऐसे में लंबे समय तक बिजली बंद रहना चिंता का विषय है। खिलाड़ियों ने विद्युत विभाग से टूटे तार को जल्द दुरुस्त कर विद्युत कनेक्शन बहाल करने की मांग की है, ताकि स्टेडियम में रोशनी और पानी की व्यवस्था सुचारू हो सके।

खेलप्रेमियों का कहना है कि खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्टेडियम में संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनकी नियमित देखरेख भी जरूरी है। समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर खिलाड़ियों की परेशानी के साथ मैदान को होने वाला नुकसान भी बढ़ सकता है।

जिला फुटबाल संघ के सचिव शशिकांत शर्मा ने बताया कि मैदान में दूब लगने का कार्य नए सिरे से शुरू किया गया था, मगर पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण मैदान में पानी का अभाव बना हुआ है। इससे मैदान में लगाई गई दूब खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के रखरखाव का जिम्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के अधीन है।

उधर, विद्यालय के प्रधानचार्य महेंद्र मिश्रा ने बताया कि थ्री फेस का विद्युत कनेक्शन मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन चालक द्वारा तोड़ दिया गया। इसे दुरुस्त कराने को लेकर विद्युत विभाग को अवगत करवाया जा चुका है। ऐसे में टूटे विद्युत कनेक्शन की मरम्मत और आपूर्ति बहाल होने पर ही स्टेडियम में रोशनी तथा मैदान की सिंचाई व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story