नोहर, 6 अक्टूबर। फतेहाबाद ब्रांच में 11 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित 15 दिन की नहरबंदी ने नोहर-भादरा क्षेत्र में पेयजल संकट की चिंता बढ़ा दी है। नहरबंदी के दौरान पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच राजस्थान जल संसाधन विभाग ने हरियाणा सिंचाई विभाग से अपने हिस्से का स्वीकृत पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। राजस्थान के अधिकारियों ने टोहाना पहुंचकर हरियाणा के अधिकारियों से वार्ता कर सिद्धमुख-नोहर फीडर से नहरबंदी के दौरान पानी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।

टोहाना विश्राम गृह में हुई वार्ता में अधीक्षण अभियंता नीरंजन लाल मीणा, अधिशासी अभियंता तिलोक चंद और सहायक अभियंता दिनेश सिंहमार ने टोहाना के अधिशासी अभियंता से बातचीत की। राजस्थान की ओर से सिद्धमुख-नोहर फीडर से पानी देने के साथ अमर सिंह सब ब्रांच में इंडेंट के अनुसार पानी उपलब्ध करवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। हरियाणा के अधिशासी अभियंता ने हरसंभव प्रयास कर राजस्थान को स्वीकृत पानी उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया।

वार्ता के दौरान फतेहाबाद ब्रांच से जुड़े सिद्धमुख-नोहर फीडर की मौजूदा स्थिति भी सामने आई। हरियाणा के अधिकारियों के अनुसार फीडर की डिजाइन क्षमता 829 क्यूसेक है, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत खराब होने के कारण इसमें करीब 500 क्यूसेक तक ही पानी छोड़ा जा सकता है। यानी फीडर अपनी डिजाइन क्षमता से करीब 329 क्यूसेक कम क्षमता पर चल रहा है। ऐसे में 11 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान राजस्थान के हिस्से का पानी पहुंचाना चुनौती माना जा रहा है।

पुराना फीडर भी पानी की आपूर्ति में अड़चन बना हुआ है। भादरा के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सिद्धमुख-नोहर फीडर के नवीनीकरण का प्रस्ताव तैयार है। राजस्थान सरकार डीपीआर तैयार करने के लिए स्वीकृति दे चुकी है। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फीडर के नवीनीकरण का काम करवाया जाएगा।

नहरबंदी के दौरान नोहर और भादरा क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखना प्राथमिकता है। राजस्थान के अधिकारी हरियाणा सिंचाई विभाग के सहयोग से राजस्थान के हिस्से का स्वीकृत पानी हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं। अब नहरबंदी शुरू होने के बाद सिद्धमुख-नोहर फीडर की मौजूदा क्षमता और स्थिति के बीच राजस्थान को कितना पानी मिल पाता है, इस पर नजर रहेगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story