नोहर 7 अक्टूबर। जोगीआसन स्थित सिद्ध बाबा अमरनाथ के प्राचीन समाधि मंदिर में बुधवार को बाबा अमरनाथ महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। पुण्यतिथि के अवसर पर क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता के सहयोग से भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधु-संत पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल मंगला आरती से हुई। इसके बाद बाबा अमरनाथ डेरे के महंत रविनाथ ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक समाधि पूजन कराया। समाधियों पर भोग-प्रसाद, वस्त्र एवं शॉल अर्पित किए गए। इस दौरान भारतमाता आश्रम के महंत रामनाथ अवधूत, पुजारी शंकरनाथ सहित बड़ी संख्या में साधु-संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

10वीं शताब्दी से जुड़ा है आश्रम का इतिहास

महंत रामनाथ अवधूत ने बताया कि जोगियासन स्थित यह प्राचीन स्थान नाथ संप्रदाय के राम पंथ की प्रमुख गद्दी माना जाता है। मान्यता के अनुसार 10वीं शताब्दी में सर्वप्रथम योगी बालनाथ जी महाराज ने यहां जाल वृक्ष के नीचे धूना स्थापित किया था, जो आज भी अखंड रूप से प्रज्ज्वलित है।

उन्होंने बताया कि योगी बालनाथ की चौथी पीढ़ी में बाबा अमरनाथ जी महाराज हुए, जो सिद्ध एवं चमत्कारी नाथ संत के रूप में प्रसिद्ध थे। बाबा अमरनाथ जी ने नोहर के अलावा कई वर्षों तक हनुमानगढ़ क्षेत्र में भी तपस्या की। भटनेर दुर्ग के निर्माण में भी बाबा जी द्वारा कई बार आर्थिक सहयोग किए जाने की मान्यता है।

जीवित समाधि लेने की मान्यता

महंत रामनाथ अवधूत ने बताया कि बाबा अमरनाथ जी ने नोहर स्थित इसी पवित्र स्थल पर जीवित समाधि ली थी। आज भी क्षेत्र में धार्मिक जागरण, सत्संग और रातीजोगा के दौरान बाबा अमरनाथ जी को भजनों के माध्यम से श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है।

आश्रम परिसर में नाथ संप्रदाय के सैकड़ों सिद्ध संतों की समाधियां भी विद्यमान हैं, जो इस स्थान की प्राचीन धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा की गवाही देती हैं। पुण्यतिथि के अवसर पर दिनभर श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल पर दर्शन किए और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story