नोहर: कृषि महाविद्यालय में कालिका यूनिट का जागरूकता कार्यक्रम
विद्यार्थियों को साइबर अपराध, बाल श्रम रोकथाम और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (112, 1090) की जानकारी देकर सतर्क रहने की सलाह दी गई।

नोहर के कॉलेज हॉल में छात्र-छात्राओं को संबोधित करतीं पुलिस अधिकारी।
नोहर 17 सितंबर। राजकीय कृषि महाविद्यालय, नोहर परिसर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, हनुमानगढ़ की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय विशेष चेतना एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सामाजिक चुनौतियों, बाल श्रम तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. वीणा छिम्पा ने की। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट हनुमानगढ़ की एरिया इंचार्ज सुनीता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अनजान लोगों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। निजी जानकारी और बैंक से संबंधित ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
सुनीता ने बाल श्रम की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को मजदूरी से दूर रखकर शिक्षा से जोड़ना सभी का कानूनी और नैतिक दायित्व है। दैनिक जीवन में होने वाली अप्रिय घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता लेने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1090, 1030 और 112 के उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. वीणा छिम्पा ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा का व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है। थोड़ी सी सतर्कता बरतकर युवा स्वयं के साथ अपने परिवार को भी मानसिक और आर्थिक परेशानियों से बचा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में मिली जानकारी को समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और अन्य विषयों को लेकर सवाल पूछे। टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं संतोषजनक समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन की ओर से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सहायक लेखा अधिकारी हरीश खना, डॉ. विक्रम नुईयां, संजय (एलपीएम), हर्षदीप सिंह, महेंद्र भोजक और पूनम कुमार सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। फोटो में जानकारी देते हुए अधिकारी नजर आए।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
