नोहर, 13 दिसम्बर। राजकीय उप जिला चिकित्सालय में आज नवनिर्मित ओपीडी भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, पूर्व मदरसा बोर्ड अध्यक्ष मेहरूनिशा टाक और चिकित्सालय पीएमओ डॉ. हंसराज शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद, अस्पताल में आने वाले मरीज अब पंजीकरण, परामर्श और उपचार जैसी सेवाओं का लाभ अधिक सुव्यवस्थित और सहज तरीके से ले सकेंगे। नए ओपीडी भवन में पर्याप्त प्रतीक्षालय, विभागीय कक्ष, पंजीकरण काउंटर और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत और सुविधा मिलेगी।

उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह नया ओपीडी भवन चिकित्सालय की कार्यक्षमता को बढ़ाएगा और मरीजों को समय पर उपचार प्रदान करने में सहायक होगा। पूर्व मदरसा बोर्ड अध्यक्ष मेहरूनिशा टाक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना का विकास सराहनीय है और नए भवन से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में चिकित्सा क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य तंत्र को भी सुदृढ़ किया गया है।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. हंसराज शर्मा ने बताया कि ओपीडी भवन के शुरू होने से मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी और उपचार प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी। उद्घाटन समारोह में पार्षद व भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटुलाल सेवग, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बंसत तिवाडी, मनीराम छीम्पा, पुनम हिसारिया, अग्रवाल सभा के मंत्री विनोद गोल्याण, शशिकांत शर्मा, पार्षद संतलाल रेगर, राजेश कंकर, मुरलीधर छीम्पा, गुलफाम, पूनम हिसारीया, गजेंद्र जोशी, रामकुमार सैनी, रामचंद्र जांगिड़, ओम लालवानी, मोहन डाबी, अदरीश गोरी, देवी लाल पारीक सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उद्घाटन के पश्चात ओपीडी सेवाएं नए भवन में प्रारंभ कर दी गई हैं। उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने मौके पर ओपीडी भवन का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह कदम नोहर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story