नोहर, 4 दिसम्बर। नोहर ब्लॉक में शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार और विद्यार्थियों के परिणामों में उत्कृष्टता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'मिशन सरोकार 2.0' का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अगुवाई एसडीएम राहुल श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेंद्र बठला, सीबीईओ भगवती वर्मा और एसीबीईओ विनोद बैनीवाल ने की।

गत वर्ष इस पहल की शुरुआत हुई थी, जिसे शिक्षा विभाग और शिक्षकों द्वारा व्यापक सफलता मिली। इस वर्ष मिशन सरोकार 2.0 को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई नई रणनीतियाँ और पहलें शामिल की गई हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर एसडीएम राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि नोहर ब्लॉक शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यह बॉटम टू टॉप मॉडल के तहत कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नोहर शिक्षा विभाग की कार्य प्रणाली और गतिविधियां राज्य में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बठला ने बताया कि नोहर ब्लॉक अपनी प्रशासनिक दक्षता और गुणात्मक शिक्षा के कारण राजस्थान में अद्वितीय है। यहाँ के विद्यालय लगातार उच्च रैंक पर रहते हैं और शिक्षक अपनी लगन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रसिद्ध हैं। सीबीईओ भगवती वर्मा ने कहा कि नोहर के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें विशेष पहचान दिलाता है। एसीबीईओ विनोद बैनीवाल ने कहा कि विद्यालयों में गुणात्मक शिक्षा, सीबीईओ कार्यालय के प्रति जुड़ाव और भामाशाहों का सहयोग सभी को नई ऊर्जा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में नोहर ब्लॉक के लगभग सभी नवनियुक्त उप-प्रधानाचार्यों का स्वागत किया गया और उन्होंने ब्लॉक शिक्षा कार्यालय के सौंदर्यकरण हेतु आर्थिक योगदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पवन जाखड़, महावीर सर्वा, हरी सिंह पूनियां, महेन्द्र मिश्रा, गौरव नागल, रामजीलाल सहारण और पंकज चोटिया ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

मिशन सरोकार 2.0 के नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजेश ठाकण ने विश्वास दिलाया कि समस्त व्यवस्थाएं, प्रश्न पत्र और अन्य आवश्यक तैयारियाँ समय पर पूरी की जाएंगी। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं शैलेंद्र कुमार, रमन कुमार, बाबूलाल और मुरारी ने संभाली। संचालन सुशांत जांगिड़ ने किया। वहीं, भवन पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यकरण समिति के अध्यक्ष पंकज चोटिया ने सौंदर्यकरण की प्रगति से उपस्थित सभी को अवगत कराया।

कार्यक्रम का समापन सभी उप-प्रधानाचार्यों का सम्मान कर और शिक्षा के क्षेत्र में नोहर ब्लॉक की उच्च गुणवत्ता और योगदान को रेखांकित करते हुए किया गया। इस पहल से नोहर ब्लॉक न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि प्रशासनिक दक्षता और विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में भी एक मिसाल बनता जा रहा है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story