नोहर, 31 दिसम्बर। जिले में शूकर पालन के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुरक्षा कवच तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय प्रवर्तित योजना एलएचडीसीपी-सीएसएफ सीपी के तृतीय चरण के अंतर्गत 1 जनवरी से 1 फरवरी तक नोहर क्षेत्र में शूकरों में शूकर ज्वर रोग से बचाव हेतु टीकाकरण का अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए खंड पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय के प्रभारी डॉ. दिनेश जांगिड़ ने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी शूकर फार्मों पर जाकर सभी शूकरों का पंजीकरण एवं टीकाकरण किया जाएगा और इसकी पूरी जानकारी भारत पशुधन एप पर दर्ज की जाएगी।

डॉ. दिनेश जांगिड़ ने बताया कि शूकर ज्वर एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे छोटे और बड़े शूकरों की असामयिक मृत्यु हो जाती है। इस बीमारी से शूकर पालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस रोग से बचाव का एकमात्र प्रभावी तरीका टीकाकरण है। अभियान के दौरान तीन माह से छोटे शूकर और 40 दिन से अधिक गर्भवती शूकरों को इस टीकाकरण से बाहर रखा गया है, जबकि अन्य सभी शूकरों को निशुल्क टीकाकरण प्रदान किया जाएगा।

विशेष रूप से इस चरण के लिए नोहर जिले को 4,200 डोज प्राप्त हुई हैं, जो पिछले चरण में मिली 220 डोज की तुलना में कई गुना अधिक हैं। डॉ. दिनेश जांगिड़ ने बताया कि पिछले वर्ष से शूकर पालन के प्रचार-प्रसार और वैज्ञानिक रूप से फार्मिंग के कारण नोहर क्षेत्र में इस व्यवसाय में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। वहीं, राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) में भी शूकर पालन को शामिल किया गया है, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र में रोग नियंत्रण और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित हो सकेगी।

यह अभियान न केवल शूकर पालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि जिले में संक्रामक रोगों की रोकथाम और पशुधन स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की सफलता को भी दर्शाता है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story