नोहर में वन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ वन विभाग का सख्त अभियान
नोहर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, कटर मशीन और जनरेटर सहित लकड़ी जब्त की। खिनानियां वितरिका क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से लकड़ी माफिया में हड़कंप मच गया है। वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नोहर, 12 दिसम्बर।
वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नोहर वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध लकड़ी कटान के विरुद्ध अभियान को और तेज कर दिया है। लगातार चल रही इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी माफिया में हड़कंप मच गया है। विभाग की अलग-अलग टीमें चौबीसों घंटे गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा अवैध कटान के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इसी क्रम में खिनानियां वितरिका 16–18 केएनएन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पेड़ काटने में प्रयुक्त कई उपकरणों के साथ एक ट्रैक्टर मय रेहड़ा, दो मोटरसाइकिल, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन तथा इंजन जनरेटर को जब्त किया गया। इसके साथ ही मौके से बरामद अवैध रूप से काटी गई लकड़ियों को भी वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक वन संरक्षक सुनील कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेन्द्र सिंह, वनपाल हनुमान सिंह, हेतराम तथा रईश चंद्र ढ़ाका सहित वन विभाग का स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच टीम का गठन किया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
वन विभाग ने इस प्रकरण में राजस्थान वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, बल्कि वन कानूनों की खुली अवहेलना भी होती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की रक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
