हनुमानगढ़, 12 नवम्बर। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ की ओर से नेशनल पब्लिक स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान के तहत अध्यक्ष श्री तनवीर चौधरी, जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की कुंजी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा दिवस देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर मनाया जाता है, जिनके अद्वितीय योगदान ने भारतीय शिक्षा प्रणाली की मजबूत नींव रखी। इस दिन का उद्देश्य शिक्षा के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और इसके माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारी श्री अविनाश चांगल, न्यायाधिकारी, ग्राम न्यायालय, हनुमानगढ़ ने विद्यार्थियों को मौलाना अबुल कलाम आजाद के शैक्षणिक दृष्टिकोण और उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का साधन नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज की नींव है। प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारी लक्ष्य सोनी और बरसा देवी ने साइबर अपराध, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बताया कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रह सकें।

इस अवसर पर प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारी सुश्री बरसा देवी, सुश्री आंकाशा बंशीवाल, श्री सुदर्शन पुरोहित, श्री लक्ष्य सोनी, सुश्री प्रिया मीना और सुश्री अनिता शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से निदेशक श्री अजय कुमार गर्ग, प्रधानाध्यापक श्री हरप्रीत सिंह और शैक्षणिक मार्गदर्शक श्रीमती जसविंदर कौर ने न्यायिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा शिक्षा और विधिक जागरूकता के समन्वय को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिक्षा और कानून के प्रति जागरूकता का यह संगम विद्यार्थियों में न केवल ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि उन्हें समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने की दिशा में भी प्रेरित किया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story