नोहर। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष जयवीर गोदारा ने नोहर स्थित अपने फार्म हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि एथनॉल फैक्ट्री आंदोलन में पार्टी हर कदम पर किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर को शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे आंदोलन में कांग्रेस और माकपा के नेताओं ने राजनीतिक साजिश रचकर पुलिस को उकसाया, जिसके परिणामस्वरूप किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। जयवीर गोदारा ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।

गोदारा ने कहा कि यदि आंदोलनकारी किसान हिंसक होते, तो पिछले 15 महीनों से यह आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से जारी नहीं रह सकता था। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ राजनीतिक दल किसानों के संघर्ष को अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे इनेलो कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उनका कहना था कि यह आंदोलन किसानों के हक़ की लड़ाई है और किसान संघर्ष समिति के निर्णयों का इनेलो पूर्ण समर्थन करेगी।

प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए एथनॉल फैक्ट्री को बंद करने का निर्णय लें ताकि किसानों और उनकी खेती को बचाया जा सके। साथ ही, उन्होंने किसानों पर दर्ज सभी “बेवजह मुकदमे” तुरंत वापस लेने की भी मांग की। जयवीर गोदारा ने जोर देते हुए कहा कि गंगानगर–हनुमानगढ़ क्षेत्र के किसान लाठी-गोली से डरने वाले नहीं हैं और सरकार को चाहिए कि वह उचित कदम उठाकर किसानों को खुशहाल बनाए।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा किसान और खेती को खत्म करना चाहती है। उनका कहना था कि भाजपा केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है और राज्य में उसके दो वर्ष के शासनकाल में जनता के सामने कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है।

जयवीर गोदारा ने आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में इनेलो की रणनीति का संकेत देते हुए बताया कि पार्टी राज्य में संगठन का विस्तार कर रही है और मरू प्रदेश बनाने की मांग को लेकर जल्द ही आंदोलन की नई रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत व निकाय चुनाव इनेलो मरू प्रदेश क्षेत्र में ही लड़ेगी।

इस अवसर पर सोहनलाल थोरी, विक्रम बेनीवाल, राकेश पुनिया, लोकेश तिवाड़ी सहित इनेलो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story