हनुमानगढ़। नवरात्र स्थापना के साथ ही पल्लू और सालासर धाम जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, संगरिया, पीलीबंगा सहित पंजाब और हरियाणा से हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और निजी वाहनों से वाया हनुमानगढ़ पल्लू और सालासर धाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जागरूकता और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है।

श्रद्धालुओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने के लिए श्रीगंगानगर, संगरिया, पीलीबंगा और जयपुर रोड पर जागरूकता संबंधी फ्लैक्स लगाए गए हैं। इसके साथ ही यातायात शाखा के सामने टेंट लगाकर ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ बूथ स्थापित किया गया है। इस बूथ से गुजरने वाले पैदल श्रद्धालुओं के बैग पर नि:शुल्क रेडियम पट्टी लगाई जाएगी, जिससे सड़क पर चलते समय वे वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकें और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिले।

यातायात पुलिस ने यातायात शाखा के सामने से गुजरने वाले वाहनों पर भी नि:शुल्क रेडियम पट्टी लगाने की व्यवस्था की है। इसके अलावा यातायात शाखा की दोनों इंटरसेप्टर गाड़ियों के प्रभारी जयपुर रोड पर श्रद्धालुओं को सड़क के किनारे चलने और वाहन धीमी गति से चलाने के लिए प्रेरित करेंगे।

यातायात पुलिस का उद्देश्य नवरात्र के दौरान पल्लू एवं सालासर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। इसके लिए पुलिस लगातार श्रद्धालुओं को यातायात नियमों की पालना करने, सड़क के किनारे चलने तथा वाहन सावधानीपूर्वक चलाने के प्रति जागरूक करेगी। रेडियम पट्टी लगाने और सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियानों के माध्यम से पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story