हनुमानगढ़, 19 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 (SIR–2026) का अभियान नई गति और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रहा है। 4 नवंबर से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और प्राप्त विवरण का डिजिटाइजेशन कर प्रदेशभर में पंजीकरण प्रक्रिया को डिजिटल रूप से सुदृढ़ कर रहे हैं।

गुरुवार को विधानसभा नोहर के बूथ संख्या 255 के BLO श्री राजेंद्र कुमार को शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीसी के माध्यम से जिले की प्रगति की समीक्षा की और BLO के समर्पण और मेहनत को सराहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने voters.eci.gov.in पर पिछली एसआईआर मतदाता सूची में नई सर्च सुविधा शुरू की है। अब मतदाता अपने नाम या रिश्तेदार के नाम से पिछले रिकॉर्ड में अपने विवरण खोज सकते हैं। इस सुविधा से मतदाता और BLO दोनों के लिए मैपिंग प्रक्रिया और भी आसान और तेज हो गई है।

SIR–2026 के तहत जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में BLO पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्यरत हैं। 14,47,472 पंजीकृत मतदाताओं में से 19 नवंबर तक लगभग 7.25 लाख मतदाताओं के परिगणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। विधानसभाओं में डिजिटाइजेशन के मामले में संगरिया क्षेत्र अग्रणी है, जहां 1.35 लाख प्रपत्र डिजिटाइज हुए। नोहर विधानसभा क्षेत्र में 49 फीसदी प्रपत्र डिजिटाइज किए गए।

हनुमानगढ़ जिला ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के मामले में भी अग्रणी बना हुआ है। जिले के 1 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने डिजिटल माध्यम से ही प्रपत्र भरे हैं। सीमावर्ती हरियाणा से जिले में स्थानांतरित मतदाता भी ऑनलाइन प्रपत्र भर सकते हैं। डॉ. यादव ने बताया कि जिन मतदाताओं के प्रपत्र BLO को नहीं उपलब्ध कराए गए, उनके नाम सूची में शामिल नहीं होंगे।

मतदाता हित को सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने हेल्पलाइन, कॉल सेंटर, हेल्प डेस्क, सरल गाइडलाइन और सार्वजनिक सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। इसके साथ ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्कूल, कॉलेज, पंचायत-स्तरीय बैठकें, सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और मोहल्ला-वार सूचना अभियान शामिल हैं। विशेष ध्यान वृद्ध, दिव्यांग, प्रवासी और अशिक्षित मतदाताओं पर दिया गया है।

भारत निर्वाचन आयोग की पहल से SIR प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और भरोसेमंद बन रही है। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के प्रति आयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story