हनुमानगढ़, 28 नवम्बर। राजस्थान के आयोजन विभाग (ग्रुप-4) द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही तक जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में हनुमानगढ़ ने प्रदेश में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत जिले ने 27 अंक अर्जित करते हुए सभी बिंदुओं पर शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। इस सूची में हनुमानगढ़ और पाली संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहे, जबकि श्रीगंगानगर और जैसलमेर 32वें स्थान पर रहे।

जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि सूत्र संख्या 01F के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन में जिले ने मासिक लक्ष्य 175 के मुकाबले 227 समूह बनाए। रिवॉल्विंग फंड वितरण में 116 के लक्ष्य के विरुद्ध 132 समूहों को लाभान्वित किया गया, जबकि सामुदायिक निवेश फंड में 532 के मासिक लक्ष्य के मुकाबले 854 समूहों को लाभान्वित कर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सूत्र 06A में हनुमानगढ़ ने 819 आवास के मासिक लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1976 आवास पूरे किए। आईसीडीएस विभाग में भी जिले के सभी सात ब्लॉक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यरत हैं और 1273 आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह संचालित हैं।

पर्यावरण संरक्षण में जिले की उपलब्धि भी उल्लेखनीय रही। वृक्षारोपण के सूत्र 15A के अंतर्गत 1475 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया गया, जिसमें निर्धारित 5 लाख पौधों के लक्ष्य को पार करते हुए 6.66 लाख पौधे लगाए गए। इसी प्रकार, जोधपुर विद्युत वितरण निगम की पम्पसेट ऊर्जाकरण योजना (सूत्र 18D) में हनुमानगढ़ ने मासिक लक्ष्य 1056 के मुकाबले 1420 पम्पसेट ऊर्जा-सक्षम किए।

मुख्य आयोजना अधिकारी श्री विनोद गोदारा ने बताया कि यह उपलब्धि जिले में विभिन्न विभागों के प्रभावी समन्वय, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता का परिणाम है। अधिकारी स्तर से लेकर जमीनी कार्यबल तक सभी की संयुक्त मेहनत ने हनुमानगढ़ को विकास की दिशा में नया कीर्तिमान स्थापित करने में सक्षम बनाया है।

हनुमानगढ़ की यह उपलब्धि न केवल राज्य में प्रशासकीय दक्षता का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जिले की प्रगति को भी उजागर करती है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story