हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित और नियमों के अनुरूप संपन्न कराने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी होगी, जिसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।

जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर महेंद्रपाल सिंह ने नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने और उनकी जांच की प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण में एक से अधिक नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के नियमों, प्रतिभूति राशि की वापसी संबंधी प्रावधानों तथा प्रारूप ‘क’ एवं प्रारूप ‘ख’ की जानकारी दी गई। अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र के साथ आपराधिक मामलों, शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति एवं देनदारियों से संबंधित निर्धारित शपथ-पत्र भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई। शपथ-पत्र में आवश्यक प्रविष्टियां अधूरी होने की स्थिति में जारी किए जाने वाले मेमो के संबंध में भी जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान पंचायत निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 27 एवं नियम 58(5) तथा एसईसी सिंबल के पैरा 7 के तहत नामांकन पत्रों की संवीक्षा से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी की संवीक्षा जांच सूची के साथ अभ्यर्थियों की पात्रता एवं अयोग्यता से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे तक प्राप्त नामांकन पत्रों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने और राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

एसडीएम संगरिया जय कौशिक ने प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए पृथक परफॉर्मा तैयार करने की प्रक्रिया बताई। उन्होंने प्रारूप ‘ख’ के बिंदु संख्या 6 में प्रतिस्थानी अभ्यर्थी तथा अनापत्ति प्रमाण-पत्र (नो ड्यूज) से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का सही तरीके से पालन करने पर जोर दिया।

नाम निर्देशन पत्रों की जांच के लिए तैनात कार्मिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके साथ ही हेल्प डेस्क पर एकल खिड़की के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की प्रक्रिया समझाई गई। हेल्प डेस्क पर तैनात कार्मिकों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर चेकलिस्ट तैयार की गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रियाओं की जांच व्यवस्थित तरीके से की जा सके।

प्रशिक्षण में निर्वाचन शाखा के बलवीर सिंह, पवन वर्मा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी होने के साथ जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों और कार्मिकों को नामांकन पत्रों की प्राप्ति, संवीक्षा, दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन नियमों के पालन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story