हनुमानगढ़ में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में अधिकारियों और कार्मिकों ने पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक पूर्वाभ्यास किया। मतगणना को पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में ईवीएम और डाक मतपत्रों की गणना से जुड़ी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव और एसपी श्री बी. आदित्य के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान पंचायत समिति हनुमानगढ़ के मतगणना कक्ष में वास्तविक मतगणना दिवस की तरह पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। अधिकारियों और कार्मिकों को बताया गया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना एक ही कक्ष में एक साथ होगी। इसमें पहले जिला परिषद सदस्य पद के मतों की गणना की जाएगी। इसके बाद पंचायत समिति सदस्य पद के मतों की गिनती होगी।

प्रशिक्षण में डाक मतपत्रों की गणना से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई। राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 54-क के प्रावधानों के अनुसार रिटर्निंग अधिकारी सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना शुरू करेंगे। इसके आधे घंटे बाद ईवीएम की कंट्रोल यूनिट गणना मेजों पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के नवीनतम निर्देशों के तहत वैध और अवैध डाक मतपत्रों की संवीक्षा के नियमों से भी अधिकारियों एवं कार्मिकों को अवगत कराया गया।

मतगणना दलों को निर्देश दिए गए कि स्ट्रांग रूम से केवल कंट्रोल यूनिट, प्रारूप-14 और पीठासीन अधिकारी की घोषणा वाले सीलबंद लिफाफे ही गणना मेजों तक लाए जाएंगे। प्रत्येक राउंड में कैरिंग केस की बाहरी सील, स्ट्रिप सील, पिंक पेपर सील और विशेष टैग के क्रमांकों का सत्यापन किया जाएगा। यह मिलान उपस्थित अभ्यर्थियों और गणन अभिकर्ताओं को दिखाकर किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

पूर्वाभ्यास के दौरान प्रारूप-14 में राउंडवार मत दर्ज करने, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी की ओर से मतों का संकलन करने और अंतिम परिणाम पत्र तैयार करने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मतगणना के बाद परिणामों की ऑनलाइन प्रविष्टि और मीडिया तक सूचनाएं तत्काल पहुंचाने की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। सांख्यिकी प्रकोष्ठ तथा सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से कंप्यूटर पर परिणाम दर्ज करने की प्रक्रिया का सफल ट्रायल किया गया। साथ ही पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। केंद्र में केवल अधिकृत पास अथवा फोटोयुक्त बैज धारक कार्मिकों, अभ्यर्थियों और उनके नियुक्त गणन अभिकर्ताओं को ही प्रवेश दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना, जिला परिषद सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे, एडिशनल एसपी श्री अरविंद, हनुमानगढ़ रिटर्निंग अधिकारी श्री श्याम सुंदर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे। 20 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना से पहले इस पूर्वाभ्यास के जरिए ईवीएम, डाक मतपत्रों, सील सत्यापन, परिणाम संकलन और ऑनलाइन सूचना व्यवस्था की तैयारियों को परखा गया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story