हनुमानगढ़ में पंचायतीराज चुनाव 2026: जिला परिषद के 37 वार्डों के लिए 27 नामांकन, छह पंचायत समितियों में 137 दाखिल
हनुमानगढ़ में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक जारी रहेगी।

तस्वीर में हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करते हुए अभ्यर्थी और अधिकारी नजर आ रहे हैं।
हनुमानगढ़ में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। बुधवार तक जिला परिषद के 37 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 19 अभ्यर्थियों ने 27 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि तृतीय चरण में शामिल छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 125 अभ्यर्थियों ने कुल 137 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिले में तृतीय चरण के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए सोमवार से नामांकन शुरू हुए। बुधवार को इन छह पंचायत समितियों में 115 अभ्यर्थियों ने कुल 126 नामांकन पत्र दाखिल किए। पहले दिन 10 अभ्यर्थियों ने 11 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। इस तरह बुधवार तक कुल 125 अभ्यर्थियों की ओर से 137 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
बुधवार को भादरा पंचायत समिति में 28 अभ्यर्थियों ने 33 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। हनुमानगढ़ जंक्शन में 22 अभ्यर्थियों ने 23, नोहर में 21 अभ्यर्थियों ने 21, पल्लू में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, पीलीबंगा में 22 अभ्यर्थियों ने 25 तथा राजपुरा (8 बीएचडी) में 19 अभ्यर्थियों ने 21 नामांकन पत्र दाखिल किए।
नामांकन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी और 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
जिले की सभी 325 ग्राम पंचायतों में सरपंच, उपसरपंच और पंच पदों के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। तृतीय चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के चुनाव के लिए सोमवार को लोक सूचना जारी की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से नाम वापस लेने की प्रक्रिया शुरू होगी। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
सरपंच और पंच पदों के लिए 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। उपसरपंच पद के लिए चुनाव 6 नवंबर को होगा।
जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन जमा कराने की व्यवस्था जिला कलक्ट्रेट परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई है। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित कक्षों में व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
वार्ड संख्या 1 से 13 तक के अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) के कार्यालय में प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 210 निर्धारित किया गया है। वार्ड संख्या 14 से 25 तक के अभ्यर्थी कलक्ट्रेट के भूतल पर कमरा नंबर 120 में नामांकन जमा कर सकेंगे। वहीं, वार्ड संख्या 26 से 37 तक के लिए प्रथम तल पर कमरा नंबर 206 निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
कलक्ट्रेट के मुख्य भवन के सामने स्थित वाहन पार्किंग स्थल पर जीए-55 की रसीद जारी करने, अभ्यर्थियों और प्रस्तावकों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए कार्मिक तैनात किए गए हैं। नामांकन पत्र प्राप्त करने और पूछताछ के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
नामांकन कक्ष में अभ्यर्थी सहित अधिकतम पांच व्यक्ति उपस्थित रह सकेंगे। वाहनों की पार्किंग कलक्ट्रेट परिसर के बाहर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करनी होगी।
जिला परिषद सदस्य पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिला कलक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 206 में होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
चुनाव प्रचार के दौरान अभ्यर्थियों को वाहनों, लाउडस्पीकरों, कटआउट, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर के इस्तेमाल से संबंधित निर्धारित प्रतिबंधों की पालना करनी होगी। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला मजिस्ट्रेट, उपखंड मजिस्ट्रेट या सक्षम अधिकारी से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित चुनाव खर्च सीमा के अनुसार, जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थी अधिकतम 3 लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य पद के अभ्यर्थी 1.50 लाख रुपए और सरपंच पद के अभ्यर्थी अधिकतम 1 लाख रुपए खर्च कर सकेंगे। नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतदान और चुनाव प्रचार तक निर्धारित नियमों का पालन करना अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक होगा।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
