हनुमानगढ़ पंचायतीराज चुनाव 2026: चौथे चरण के लिए 575 सरपंच प्रत्याशी मैदान में
चार पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों के 3,93,176 मतदाता आज करेंगे मतदान, सुबह 7 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया

हनुमानगढ़ जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के चौथे चरण को लेकर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जिले की चार पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 575 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में रह गए हैं। रविवार को नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हुई।
सरपंच पद के लिए इन 120 ग्राम पंचायतों में कुल 884 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से 3 नामांकन अवैध पाए गए, जबकि 306 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद 575 उम्मीदवार चुनाव मैदान में शेष रहे। वहीं, 120 ग्राम पंचायतों के 1234 वार्ड पंच पदों के लिए कुल 2068 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए।
चौथे चरण में संगरिया, रावतसर, टिब्बी एवं हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना होगी।
पंचायत समिति वार चुनावी स्थिति के अनुसार संगरिया की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 213 नामांकन प्राप्त हुए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां 129 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इसी तरह रावतसर की 30 ग्राम पंचायतों में 189 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से नाम वापसी के बाद 127 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
टिब्बी पंचायत समिति की 33 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 236 नामांकन दाखिल किए गए थे। यहां नाम वापसी के बाद 156 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, हनुमानगढ़ टाउन की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 246 नामांकन प्राप्त हुए थे। नाम वापसी के बाद यहां 163 अभ्यर्थी चुनावी मुकाबले में शेष रह गए हैं।
चौथे चरण के मतदान में चारों पंचायत समितियों के कुल 3,93,176 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए जिले में 415 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन की ओर से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। अब सोमवार को होने वाले मतदान के साथ ही चारों पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
