हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चौथे चरण में मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न करवाने के लिए हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। संगरिया, टिब्बी, हनुमानगढ़ टाउन एवं रावतसर पंचायत समितियों के 415 मतदान केंद्रों पर पुलिस एवं होमगार्ड के कुल 830 जवान तैनात रहेंगे। वहीं, 32 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर हथियारबंद पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। पंजाब एवं हरियाणा सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए छह स्थायी सशस्त्र नाके भी स्थापित किए गए हैं।

चौथे चरण के तहत चारों पंचायत समितियों में 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 16 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने मतदान केंद्रों से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।

चारों पंचायत समितियों के 415 मतदान केंद्रों पर एक-एक पुलिसकर्मी और एक-एक होमगार्ड स्वयंसेवक की तैनाती रहेगी। इस प्रकार कुल 830 सुरक्षाकर्मी चुनावी व्यवस्था संभालेंगे। इसके अतिरिक्त 120 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर एक अधिकारी एवं तीन पुलिसकर्मियों का जाप्ता तैनात किया गया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 32 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील चिह्नित किया गया है। इनमें संगरिया के 8, टिब्बी के 6, हनुमानगढ़ टाउन के 6 और रावतसर के 12 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर 1-3 का पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा, जिसमें दो पुलिसकर्मी हथियारबंद होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए 40 पुलिस मोबाइल पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें संगरिया में 10, टिब्बी में 11, हनुमानगढ़ टाउन में 8 और रावतसर में 11 मोबाइल पार्टियां शामिल हैं। प्रत्येक पार्टी में एक उप निरीक्षक अथवा सहायक उप निरीक्षक प्रभारी के साथ तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 20 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। चारों पंचायत समितियों में नियुक्त 40 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ भी पुलिस मोबाइल पार्टियों का समन्वय रहेगा।

चुनाव के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने के लिए पंजाब एवं हरियाणा सीमा पर छह स्थायी सशस्त्र नाके स्थापित किए गए हैं। इनमें संगरिया थाना क्षेत्र में तीन, टिब्बी में दो तथा तलवाड़ा में एक नाका शामिल है। ये नाके 13 से 16 नवंबर तक चौबीस घंटे संचालित रहेंगे। इसके अतिरिक्त संगरिया, टिब्बी, हनुमानगढ़ टाउन, रावतसर एवं तलवाड़ा थानों में 20-20 पुलिसकर्मियों का रिजर्व जाप्ता भी उपलब्ध रहेगा।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 13 नवंबर को प्रातः 11 बजे मतदान दल राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के नजदीक स्थित डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के खेल मैदान से रवाना हुए। मतदान समाप्त होने के बाद 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की ईवीएम पुलिस सुरक्षा के बीच राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित संग्रहण केंद्र पर जमा करवाई जाएगी। इनकी मतगणना 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे जिला मुख्यालय पर होगी।

चुनाव से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चुनाव कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 01552-261104 है। इसके अलावा जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 100 तथा मोबाइल नंबर 9530432468 पर भी संपर्क किया जा सकता है। व्यापक पुलिस तैनाती, अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी और सीमावर्ती इलाकों में चौबीस घंटे नाकाबंदी के जरिए प्रशासन ने चौथे चरण के मतदान की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story