हनुमानगढ़। नोहर क्षेत्र में रावतसर रोड पर टोल टैक्स के पास गोदभराई कार्यक्रम से लौट रहे दो रिश्तेदारों को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट करने के बाद एक बाइक भी लाठियों से तोड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में घायल दोनों व्यक्तियों को वहां से गुजर रही एम्बुलेंस के चालक ने नोहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। मामले में नोहर थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में राणाराम (59) पुत्र हजारीराम बावरी निवासी ढाणी 139 आरडी, वार्ड नंबर 9, प्रेमपुरा पीएस पीलीबंगा ने बताया कि 15 नवम्बर को वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ चक 14 बिराना तहसील नोहर में आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे जब वे रावतसर रोड पर टोल टैक्स के पास पहुंचे तो अंकित पुत्र कालूराम और उसका छोटा भाई निवासी मटीली तहसील भादरा, संदीप पुत्र रोशनलाल, अजय व गोविंद पुत्र हंसराज निवासी प्रेमपुरा तथा दो-तीन अन्य लोगों ने हाथ देकर उनका रास्ता रुकवा लिया।

रिपोर्ट के अनुसार, रास्ता रोकने के बाद आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो सभी आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने राणाराम के साथ उनके रिश्तेदार धर्माराम (40) पुत्र लीलूराम बावरी निवासी प्रेमपुरा को भी निशाना बनाया। हमले में राणाराम के बाएं हाथ, कमर और पैरों पर चोटें आईं। धर्माराम ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी जमीन पर गिराकर पीटा।

दोनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी वहां से भागने लगे। जाते समय उन्होंने धर्माराम की बाइक को लाठियों से तोड़ दिया और धमकी दी कि आज तो बच गए, आगे मौका मिलने पर जान से मार देंगे। इसके बाद दोनों घायलों को मौके पर छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।

घटना के कुछ समय बाद नोहर की तरफ जा रही एक एम्बुलेंस के चालक ने दोनों घायलों को संभाला और उन्हें नोहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने राणाराम की रिपोर्ट के आधार पर पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह नरूका को सौंपी गई है। रास्ता रोककर की गई मारपीट, बाइक में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के इस मामले में पुलिस अब आरोपों की जांच कर रही है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story