स्थानीय पीएम श्री हजारीमल जोरमल पेड़ीवाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत “सुरक्षित यातायात—सुरक्षित जीवन” विषय पर एक प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की महत्ता से अवगत कराते हुए जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र सिहाग, मुख्य वक्ता जिला परिवहन अधिकारी राय सिंह तथा अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र मिश्रा ने की। इस अवसर पर यातायात प्रभारी मजीद खान ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी और बताया कि नियमों की अनदेखी अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय सजगता और नियमों का पालन ही जीवन को सुरक्षित बना सकता है।

भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र सिहाग ने विद्यार्थियों को विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने सीट बेल्ट और हेलमेट के उपयोग को जीवनरक्षक बताया और कहा, “जीवन में रीटेक का कोई अवसर नहीं होता, जान है तो जहान है।” उन्होंने सभी से नियंत्रित गति और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

मुख्य वक्ता जिला परिवहन अधिकारी राय सिंह ने सेमिनार में विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए समझाया कि यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित भविष्य” की शपथ भी दिलवाई।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य महेंद्र मिश्रा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा का पालन प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। सेमिनार में सक्रिय भागीदारी और सही उत्तर देने के लिए छात्रा निशा कंवर को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, जो सड़क सुरक्षा अभियान की सार्थकता को सजीव रूप में दर्शा रहा था।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story