हनुमानगढ़: निजी फाइनेंस कंपनियों और NBFCs के लिए सख्त निर्देश जारी
ऋण लेते समय शर्तों को हिंदी में दें और बिना पढ़े दस्तावेजों या खाली चेक पर हस्ताक्षर न करें, एलडीएम ने दी चेतावनी।

हनुमानगढ़ में निजी फाइनेंस कंपनियों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFCs) की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा ऋण उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। आमजन को ऋण लेने से पहले सभी नियम एवं शर्तों की जानकारी प्राप्त करने और बिना दस्तावेज समझे किसी भी कागज पर हस्ताक्षर नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही, वित्तीय संस्थाओं को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों और निष्पक्ष आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लीड जिला प्रबंधक श्री सुरेंद्र सिंह ने बताया कि निजी फाइनेंस कंपनियों एवं NBFCs से ऋण लेते समय आमजन पूरी सावधानी बरतें। ऋण आवेदन पत्र, ऋण अनुबंध (Loan Agreement), नियम एवं शर्तें तथा किस्तों का विवरण हिंदी अथवा ग्राहक द्वारा समझी जाने वाली भाषा में उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि ग्राहक ऋण से जुड़ी सभी शर्तों को आसानी से समझ सके। ऋण लेने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस, विलंब शुल्क, अन्य प्रभार और कुल देय राशि की जानकारी लिखित रूप में प्राप्त करनी चाहिए।
उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति के ऋण में गारंटर (जमानतदार) बनने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी। गारंटर बनने से पहले ऋण की कुल राशि, ब्याज दर, भुगतान अवधि, किस्तों और ऋण चुकाने में चूक होने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली कानूनी एवं वित्तीय जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी लेना जरूरी है। गारंटर की जिम्मेदारी केवल औपचारिक हस्ताक्षर तक सीमित नहीं होती, बल्कि ऋण की अदायगी नहीं होने पर उस पर भी भुगतान की जिम्मेदारी आ सकती है। इसलिए सभी दस्तावेजों को पढ़े और समझे बिना गारंटर के रूप में हस्ताक्षर नहीं करने चाहिए।
लीड जिला प्रबंधक ने आमजन से ऋण लेने से पहले संबंधित फाइनेंस कंपनी के वैध पंजीकरण, आवश्यक लाइसेंस और नियामकीय स्थिति की जांच करने का भी आग्रह किया। RBI-पंजीकृत NBFC का पंजीकरण प्रमाण-पत्र उसके कार्यालय में प्रदर्शित होना चाहिए। इसके अलावा, किसी भी ऋण दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी प्रति प्राप्त करें और खाली कागज अथवा खाली चेक पर हस्ताक्षर करने से बचें।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, छोटे व्यापारियों और अन्य ऋण उपभोक्ताओं से वित्तीय लेन-देन में सतर्कता बरतने की अपील की। किसी भी वित्तीय संस्था से ऋण लेने से पहले सभी शर्तों और उससे जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझने पर जोर दिया।
वहीं, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFCs) एवं अन्य निजी वित्तीय संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा निर्धारित निष्पक्ष आचार संहिता और अन्य लागू दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करें। ऋण वितरण, ब्याज दरों के निर्धारण, ऋण दस्तावेजों की उपलब्धता, ग्राहकों एवं गारंटरों को ऋण की शर्तों की पूरी जानकारी देने और ऋण वसूली की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शालीनता बनाए रखना सुनिश्चित करें।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, अनुचित वसूली, ग्राहक उत्पीड़न अथवा RBI के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित सक्षम विभाग एवं नियामकीय प्राधिकरण को सूचित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एवं संबंधित सक्षम विभाग की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इन निर्देशों का उद्देश्य निजी वित्तीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ऋण लेने वाले ग्राहकों एवं गारंटरों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
