हनुमानगढ़, 19 नवम्बर: जिले में मतदाता सूचियों की शुद्धता और अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम—2026 में हनुमानगढ़ ने डिजिटल पहल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले के 14 लाख 47 हजार 472 पंजीकृत मतदाताओं में से लगभग 6.30 लाख मतदाताओं के परिगणना प्रपत्र डिजिटाइज कर लिए गए हैं, जिससे मतदाता सूची अद्यतन प्रक्रिया में तेजी आई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता अब अपने परिगणना प्रपत्र https://voters.eci.gov.in

पर ऑनलाइन भर सकते हैं। ऑनलाइन प्रपत्र भरने से बीएलओ को सूचना सीधे मिल जाती है और ऐसे मतदाता को भौतिक प्रपत्र भरने की आवश्यकता नहीं रहती। इस पहल को जिले के जागरूक और सक्रिय मतदाताओं ने अपनाया, जिससे हनुमानगढ़ प्रदेश में ऑनलाइन प्रपत्र भरने के मामले में शीर्ष स्थान पर रहा।

विशेष रूप से संगरिया विधानसभा क्षेत्र इस डिजिटाइजेशन प्रक्रिया में अग्रणी रहा, जहां प्रति बीएलओ औसतन 500 प्रपत्र डिजिटाइज किए गए। संगरिया ने कुल 1.20 लाख प्रपत्र (लगभग 47%) डिजिटाइज कर पांचों विधानसभाओं में सबसे ऊँचा स्थान प्राप्त किया। वहीं नोहर विधानसभा के भाग संख्या 255 के बीएलओ श्री राजेंद्र कुमार ने न्यूनतम समय में शत प्रतिशत ईएफ डिजिटाइजेशन का लक्ष्य प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने सभी बीएलओ और मतदाताओं के सहयोग की सराहना करते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति का भरोसा जताया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 4 दिसंबर, 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर ईएफ संग्रहण कार्य पूरा करेंगे। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर, 2025 को होगा। मतदाता 9 दिसंबर, 2025 से 8 जनवरी, 2026 तक सूची से संबंधित दावा और आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। नोटिस चरण (सुनवाई एवं सत्यापन) 9 दिसंबर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक रहेगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी, 2026 को किया जाएगा।

यह डिजिटाइजेशन पहल न केवल मतदाता सूची की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करेगी, बल्कि हनुमानगढ़ को डिजिटल मतदान और नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला भी बनाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story