हनुमानगढ़, 27 नवम्बर। जिले में मतदाता सूची के शुद्धीकरण और डिजिटाइजेशन की दिशा में विशेष प्रगति दर्ज की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट में विशेष पुनरीक्षण अभियान—2026 के तहत जिले की पांचों विधानसभाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया। इस अवसर पर निर्धारित समय सीमा में शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा करने वाले सात बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा भादरा के श्री धनराज सिंह (भाग संख्या 99) और श्री राकेश (भाग संख्या 202) को राज्य स्तरीय प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वहीं, नोहर विधानसभा के श्री सत्यपाल सहू (भाग संख्या 85) और श्री कृष्ण कुमार कस्वां (भाग संख्या 188), तथा पीलीबंगा विधानसभा के श्री पंकज कुमार (भाग संख्या 66) और श्री सुरेश कुमार (भाग संख्या 62) को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, भादरा विधानसभा के श्री अजय कुमार (भाग संख्या 6) और श्री राकेश कुमार (भाग संख्या 202) को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना भी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यादव ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 12 लाख मतदाताओं के परिगणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जबकि करीब ढाई लाख प्रपत्र शेष हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने प्रपत्र भरकर अपने बीएलओ को जमा करवाएं या ऑनलाइन माध्यम से यथाशीघ्र इसे पूरा करें। उनका कहना था कि यह प्रक्रिया शत प्रतिशत पूरी होना अनिवार्य है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक की सूची में उपस्थिति सुनिश्चित हो और कोई मतदाता छूटे नहीं।

सम्मानित बीएलओ श्री धनराज ने बताया कि वे पिछले 17 वर्षों से भाग संख्या 99 के बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी रणनीति के तहत चार टीमों का गठन कर डिजिटाइजेशन का कार्य 12 नवंबर तक पूरा किया और 20 नवंबर तक शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया। वहीं, नव नियुक्त बीएलओ श्री अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने भाग संख्या 6 में ग्रामवासियों के सहयोग से डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया।

जिले में कुल 14,47,472 पंजीकृत मतदाताओं में से 40 वर्ष से अधिक आयु के 6,99,464 और 40 वर्ष से कम आयु के 7,48,008 मतदाताओं के प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। विधानसभा स्तर पर संगरिया में 88%, हनुमानगढ़ में 81%, पीलीबंगा में 84%, नोहर में 85%, और भादरा में 86% प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। डिजिटाइजेशन कार्य में संगरिया विधानसभा क्षेत्र अग्रणी रहा, जबकि हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक कम प्रगति दर्ज हुई।

डॉ. यादव ने बीएलओ की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story