राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ पर जिला विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, ‘जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन
हनुमानगढ़ में राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ पर ‘2 साल: नव उत्थान–नई पहचान’ थीम के तहत तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इस दौरान जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया और जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

हनुमानगढ़, 16 दिसम्बर।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में विकास, सुशासन और उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत करती तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया। ‘2 साल: नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय परिसर में रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित ‘जिला विकास पुस्तिका’ सहित हनुमानगढ़, पीलीबंगा और संगरिया विधानसभा क्षेत्रों की विकास पुस्तिकाओं का विधिवत विमोचन भी हुआ।
उद्घाटन समारोह में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, जनप्रतिनिधि अमित सहू, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, प्रमोद डेलू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विगत दो वर्षों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित फ्लैगशिप और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, नवाचार और उपलब्धियों को नजदीक से देखा। प्रदर्शनी में इन योजनाओं को फ्लेक्स और स्टैंडीज के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर जिले के पत्रकारों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को विकास और किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को राहत देते हुए गेहूं की एमएसपी खरीद पर प्रति क्विंटल 150 रुपये का अतिरिक्त बोनस दिया गया, जिससे केवल हनुमानगढ़ जिले से 8.61 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई, जो प्रदेश की कुल खरीद का 40 प्रतिशत से अधिक है।
जनप्रतिनिधि अमित सहू ने कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य सरकार ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। बजट वर्ष 2024-25 और 2025-26 में की गई घोषणाओं को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश घोषणाएं धरातल पर उतर चुकी हैं, जबकि शेष प्रगतिरत योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग कर उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है।
प्रमोद डेलू ने राज्य सरकार के दो वर्षों को सुशासन, विकास और विश्वास का काल बताते हुए कहा कि इस अवधि में समाज के हर वर्ग को राहत और अवसर प्रदान किए गए हैं। उन्होंने भादरा में खेल स्टेडियम, हनुमानगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक, 590 करोड़ रुपये की लागत से 1.07 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में पक्के खालों का पुनर्निर्माण, घग्घर नदी क्षेत्र में 325 करोड़ रुपये के कार्य, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अतिरिक्त सहायता, जिले में 400 केवी और 132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन, 33/11 केवी के 21 सब-स्टेशन तथा गौशालाओं को 229 करोड़ रुपये की सहायता जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए धर्मांतरण विधेयक, किसान कल्याण योजनाओं, रसोई गैस सब्सिडी, सड़क, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाकर युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराया है और किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली सुनिश्चित की गई है।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के एपीआरओ राजपाल लम्बोरिया ने बताया कि जिला विकास प्रदर्शनी और पुस्तिकाओं के माध्यम से राज्य सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों को संकलित रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसे अतिथियों और आमजन द्वारा सराहा जा रहा है। आमजन इस प्रदर्शनी का अवलोकन 18 दिसम्बर तक प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक कर सकते हैं।
समारोह में जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, प्रदीप ऐरी, सुरेंद्र तिवाड़ी, कृष्ण तायल, राकेश मेंहदीरत्ता, श्रीमती शिमला मेंहदीरत्ता सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सूर्य प्रकाश जोशी ने किया। जिला विकास प्रदर्शनी न केवल सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज है, बल्कि भविष्य के विकास पथ को समझने का सशक्त माध्यम भी बनकर उभरी है।
- हनुमानगढ़ जिला विकास प्रदर्शनीजिला विकास पुस्तिका विमोचनराज्य सरकार दो वर्षराजस्थान विकास योजनाएंभजनलाल शर्माअभिषेक मटोरियाअमित सहूधर्मेंद्र मोचीप्रमोद डेलूकिसान कल्याणगेहूं एमएसपी बोनससिंचाई परियोजनाएंखेल स्टेडियमसिंथेटिक ट्रैकराजस्थान सरकारी उपलब्धियांHanumangarh district development exhibitionRajasthan government achievements2-year development reportBhajanlal SharmaAbhishek MatoriaAmit SahuDharmendra MochiPramod Delufarmer welfarewheat MSP bonusirrigation projectssports stadiumsynthetic trackRajasthan government initiatives

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
