नोहर, 24 दिसम्बर।

सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और भावी पीढ़ी को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से सडक़ सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय गीतांजलि उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी तथा परिवहन अधिकारी रायसिंह जांगिड़ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सडक़ सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि यातायात नियम केवल कानून नहीं, बल्कि हमारी सुरक्षा की ढाल हैं। नियमों का पालन कर ही सडक़ दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन में सीट बेल्ट बांधने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न संकेतों और चिन्हों के महत्व से भी अवगत कराया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहने, मन लगाकर पढ़ाई करने और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर बार संघ नोहर के अध्यक्ष एडवोकेट छोटूराम सहू, निजी शिक्षण संस्था संघ नोहर के अध्यक्ष महावीर प्रसाद सिंवर, गीतांजलि लॉ कॉलेज नोहर के प्राचार्य राजेश बिश्नोई, गीतांजलि एज्युकेशन ग्रुप नोहर के डायरेक्टर पवन खटोतिया, अमित साहेवाल तथा मनोज हरिदत्त शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में सडक़ सुरक्षा के प्रति चेतना बढ़ती है और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। विद्यालय के डायरेक्टर पवन खटोतिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम का मंच संचालन स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर जयनारायण पारीक ने किया।

सडक़ सुरक्षा पर केंद्रित यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में जिम्मेदारी और सतर्कता की भावना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिसने सुरक्षित यातायात के संदेश को प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story