नोहर, 6 नवम्बर। स्थानीय गौरीशंकर बिहानी राजकीय कन्या महाविद्यालय में बुधवार को छात्राओं में राष्ट्र निर्माण की भावना और स्वदेशी विचारधारा को प्रोत्साहन देने हेतु दो अलग-अलग निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विषय क्रमशः “विकसित भारत 2047” एवं “भगवान बिरसा मुंडा” रहे।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सरोज कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना आत्मनिर्भरता और स्वदेशी चिंतन से ही साकार हो सकता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन को प्रेरणा स्रोत बताते हुए छात्राओं से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सहायक आचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर महाविद्यालय स्तर पर चयनित प्रथम तीन प्रतिभागियों के निबंध जिला स्तर पर भेजे जाएंगे। वहीं, राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को क्रमशः 21,000, 11,000 और 5,100 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 18 प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1,000-1,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

‘विकसित भारत 2047’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में मनीषा साहू ने प्रथम, रेखा ने द्वितीय और जशोदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित निबंध प्रतियोगिता’ में शर्मिला प्रथम रही, जबकि जशोदा, निशा और कामना ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा रेखा तृतीय स्थान पर रहीं।

महाविद्यालय प्रशासन द्वारा दोनों प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को महाविद्यालय स्तर पर भी पुरस्कृत करने की घोषणा की गई। इस अवसर पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रथम सुनील कुमार राठी, डॉ. कृष्ण कुमार कासोटिया, डॉ. प्रमोद चौहान, डॉ. अल्का, डॉ. कृष्णलाल, डॉ. महावीर सिंह, कृष्ण कुमार बेनीवाल एवं मुकेश कुमार सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन छात्राओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हुए हुआ, जिसने न केवल अकादमिक उत्कृष्टता बल्कि राष्ट्रीय चेतना को भी सशक्त किया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story