हनुमानगढ़। शहर की सड़कों पर बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं की रोकथाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश समय में संशोधन किया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की 5 नवंबर, 2025 को हुई बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, नगरपरिषद् और अन्य सड़क संधारण एजेंसियों के प्रस्तावों पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया।

पूर्व आदेश के तहत हनुमानगढ़ शहर में भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक निषेध था। नए आदेश के अनुसार अब यह समय बढ़ाकर रात 9 बजे तक किया गया है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर सीमा में प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।

जिला प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय न केवल यातायात दबाव को कम करने, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और शहर में यातायात की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से लिया गया है। साथ ही, डॉ. खुशाल यादव ने सभी संबंधित विभागों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जिला प्रशासन ने परिवहन संचालकों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस नए आदेश के लागू होने के बाद हनुमानगढ़ की सड़कों पर यातायात नियंत्रण में सुधार और दुर्घटनाओं की संभावना में कमी की उम्मीद है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story