हनुमानगढ़, 7 दिसंबर। राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा जिले में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 11 दिसंबर, 2025 को प्रातः 9:00 बजे से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित करणी चौक अंबेडकर भवन में किया जाएगा। यह महोत्सव युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार, 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री जितेंद्र कुमार ने बताया कि महोत्सव में समूह नृत्य, समूह गायन, एकल नृत्य, एकल गायन, चित्रकला, डिक्लेमेशन, कविता लेखन, नवाचार (प्रदर्शनी और साइंस मेला), हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल और कृषि-उत्पाद जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजस्थान की लुप्त और दुर्लभ पारंपरिक कलाओं जैसे फड़, रावणहत्था, रम्मत, अल्गोजा, मांडणा, लंघा-मांगणियार, कठपुतली, भित्ति चित्र, खड़ताल, मोरचंग और भपंग की प्रदर्शनियां भी आयोजित होंगी, जो स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।

विशेष प्रतियोगिताओं की रूपरेखा में पेंटिंग का विषय “नशामुक्त युवा” या “स्वस्थ जीवन शैली की ओर युवा” और डिक्लेमेशन का विषय “भारत में आपातकाल, संविधान उल्लंघन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा” रखा गया है। सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति राज्य भाषा, हिन्दी या अंग्रेजी में प्रस्तुत करनी होगी।

प्रतिभागियों को राजस्थान युवा बोर्ड पोर्टल और माय भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। वर्तमान में जिले में 1605 युवाओं ने पंजीकरण करवा लिया है। श्री जितेंद्र कुमार ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं के नियमों में भी आंशिक संशोधन किए गए हैं। समूह लोक नृत्य और लोक गायन में 6 से 10 प्रतिभागियों के साथ 3 संगतकार और 5–8 मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है। डिक्लेमेशन की अधिकतम अवधि 7 मिनट, चित्रकला में 6 घंटे और कविता लेखन में 1 घंटा 30 मिनट निर्धारित किया गया है। कलाकारों की आयु की गणना 1 सितंबर, 2025 को आधार मानकर की जाएगी।

इस महोत्सव के माध्यम से न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर और नवाचार को भी बढ़ावा देगा। जिले के युवा इस मंच के माध्यम से अपनी सृजनात्मकता और कौशल का देश और राज्य स्तर पर परिचय दे सकते हैं। अधिक जानकारी, दिशा-निर्देश और पंजीकरण के लिए राजस्थान युवा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://youthboard.rajasthan.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story