नोहर, 26 नवम्बर।

नोहर नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष मोनिका खटोतिया ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार और नगर पालिका बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र और कानून पर भरोसा खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं। हाईकोर्ट द्वारा 35 दिनों के भीतर उन्हें पालिकाध्यक्ष का कार्यभार पुनः दिलाने के आदेश के बाद खटोतिया पहली बार पत्रकारों के सामने आईं और पूरे प्रकरण का विस्तृत विवरण दिया।

उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित 35 दिनों की समयावधि 3 दिसम्बर को पूरी हो रही है। इसके पूर्व 2 दिसम्बर को नगर पालिका के समक्ष गांधीवादी तरीके से चेतावनी सभा आयोजित की जाएगी। खटोतिया ने स्पष्ट किया कि यदि 3 दिसम्बर तक सरकार और उनके अधिकारी हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करते हैं तो वे क्षेत्र की जनता के साथ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान मोनिका खटोतिया ने यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा तथा नगर पालिका बोर्ड पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री के इशारे पर पालिका में गड़बड़ियां की जा रही हैं और सौन्दर्यकरण के नाम पर सरकारी धन का खुला दुरुपयोग हो रहा है। खटोतिया के अनुसार, जिस समय उन्हें पद से निलंबित किया गया, उस समय नगरपालिका कोष में 70 करोड़ रुपये जमा थे, जिनका कथित रूप से वर्तमान बोर्ड ने गलत उपयोग किया।

खटोतिया ने कहा कि उन्हें पद की लालसा नहीं है, बल्कि यह लड़ाई सत्य और न्याय की है। उन्होंने दावा किया कि सभी जांचों में वे निर्दोष पाई गई हैं और हाईकोर्ट ने भी उनके निलंबन को रद्द कर दिया है, इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर उन्हें पुनः पदभार नहीं लेने दिया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रणाली पर कुठाराघात बताया।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रवण तंवर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बनवारी सुथार, पूर्व उप प्रधान रामकुमार स्वामी, नगर पालिका उपाध्यक्ष रुस्तम चावली सहित अनेक पार्षद एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। खटोतिया ने पत्रकारों के सामने हाईकोर्ट आदेश की प्रति भी प्रस्तुत की। ज्ञात रहे कि हाईकोर्ट ने पहले 60 दिनों में पदभार ग्रहण कराने के आदेश दिए थे, जिन्हें बाद में संशोधित कर 35 दिनों की समयावधि निर्धारित की गई—जो 3 दिसम्बर को पूर्ण होगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story