नोहर, 23 दिसंबर। सर्दियों की कड़कती ठंड में बेसहारा गौवंश की मदद के लिए नोहर के युवाओं और गौभक्तों ने एक अद्भुत पहल की है। वार्ड नंबर 22 रानी बाजार स्थित नोहरे में पिछले 10-12 वर्षों से यह कार्य चल रहा है, जहां स्थानीय युवा जनसमूह निस्वार्थ भाव से बेसहारा गौवंश के लिए पौष्टिक मैथी के लड्डु तैयार कर रहे हैं।

इस पहल में करीब 100 से अधिक गौभक्त शामिल हैं, जो सुबह और शाम दोनों समय लड्डुओं की तैयारी, उन्हें बांधने और वितरण तक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक दिन में करीब डेढ़ क्विंटल लड्डु तैयार होते हैं, जिनका प्रतिदिन का खर्च 9 हजार रुपये आता है। यह खर्च जन सहयोग से वहन किया जाता है। तैयार किए गए लगभग 1500 लड्डुओं को दिन में विभिन्न स्थानों पर बेसहारा गौवंश को खिलाया जाता है।

गौभक्तों के अनुसार, मैथी के लड्डु ठंड से बचाव के साथ-साथ पोषण देने का पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीका हैं। इसमें मैथी, बाजरा, अजवायन, गुड़, सरसों का तेल, हल्दी और काला नमक जैसी सामग्रियों का मिश्रण होता है, जो सर्दियों में गौवंश को गर्म रखने और उनके स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक होता है।

कार्य का संचालन पूरी टीम भावना के साथ किया जाता है। वार्ड वाइज टीमें बनाई गई हैं, जिनमें युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं। ये टीमें शाम को लड्डुओं को लेकर बेसहारा गौवंश तक पहुँचाती हैं। इस अनुकरणीय कार्य की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा भी की जा रही है।

दो महीने तक चलने वाले इस लड्डु वितरण कार्यक्रम पर अनुमानित 4 से 5 लाख रुपये का खर्च आता है, जिसे जन सहयोग से पूरा किया जाता है। स्थानीय युवा इस सेवा कार्य में न केवल आनंद महसूस कर रहे हैं, बल्कि यह पहल समाज में निस्वार्थ सेवा और पशु कल्याण की मिसाल पेश कर रही है।

नोहर में यह पहल दर्शाती है कि समाज के छोटे समूह भी मिलकर किस तरह बेसहारा जीवों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं, और ठंड की कठिनाइयों में उन्हें राहत पहुंचा सकते हैं।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story