नोहर, 6 दिसंबर। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकता को पूरा करते हुए नोहर में ब्लड बैंक के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। यह कदम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा तत्काल संज्ञान लेने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग, राजस्थान, जयपुर ने लागू किया है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नोहर, अभिषेक पारीक ने हाल ही में जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित पार्टी बैठक में लिखित रूप में मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि नोहर ब्लड बैंक में उपकरणों की कमी के कारण संचालन में कठिनाइयाँ आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग ने सीएमओ प्रकरण संख्या 119310, दिनांक 26.11.2025 के आधार पर नोहर ब्लड बैंक के लिए उपकरण खरीद हेतु राशि हस्तांतरण की स्वीकृति जारी कर दी। इस संबंध में निजी सचिव, प्रमुख शासन सचिव, मिशन निदेशक एनएचएम, संयुक्त निदेशक सीएमआईएस/आरपीजी मुख्यालय जयपुर सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। स्वीकृति की प्रति भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक पारीक को भी प्रेषित की गई है।

इस निर्णय से नोहर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उल्लेखनीय है कि विचित्र की उप जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक का भवन पिछले दो वर्षों से तैयार था, लेकिन उपकरणों के अभाव में यह शुरू नहीं हो पा रहा था। इसके कारण रोगियों को ब्लड के लिए अन्यत्र जाना पड़ता था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिले के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान इस मांग पर तुरंत संज्ञान लिया और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

राशि स्वीकृति की सूचना मिलते ही भाजपा नगर मंडल नोहर समेत सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र की बड़ी चिकित्सा आवश्यकता की पूर्ति बताया। यह निर्णय नोहर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में रोगियों को राहत पहुंचाने के लिए एक निर्णायक पहल माना जा रहा है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story