हनुमानगढ़, 2 दिसंबर। राज्य सरकार की पहल, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना 2025-26, के तहत जिले में पशुपालकों के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें 1235 पशुपालकों ने अपना पंजीकरण कराया। यह योजना किसानों और पशुपालकों को पशुधन हानि से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

योजना में जनाधार कार्डधारक, गोपाल क्रेडिट कार्डधारक पशुपालक और लखपति दीदी समूह की पशुपालक महिलाएं प्राथमिकता के आधार पर शामिल की जा रही हैं। आवेदन 21 नवम्बर 2025 से मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल www.mmpby2526.rajasthan.gov.in

के माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन की स्वीकृति "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर दी जाएगी।

योजना के अंतर्गत बीमा के लिए पशुओं की टैगिंग अनिवार्य रखी गई है। चयनित पशुपालकों के अधिकतम दो दुधारू पशु (गाय/भैंस) या दस बकरी, दस भेड़ अथवा दस ऊँटवंशीय पशुओं का निःशुल्क बीमा किया जा रहा है। योजना का क्रियान्वयन ट्रस्ट मोड पर राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग द्वारा किया जा रहा है, जबकि पशुपालन विभाग नोडल विभाग के रूप में योजना का संचालन कर रहा है।

जिले में पहले दिन आयोजित शिविरों के माध्यम से 1235 पशुपालकों का पंजीकरण सफलतापूर्वक किया गया और 54 बीमा पॉलिसियां जारी की गई हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुपालकों को योजना से जोड़कर उनके पशुधन को सुरक्षा कवच प्रदान करना है।

योजना को और प्रभावी बनाने के लिए 3 दिसंबर 2025 को भादरा क्षेत्र के अलायला, भांगवा, गांधीबड़ी, भरवाना, बिरान, बोझला तथा नोहर क्षेत्र के अरड़की, बड़बिराना, भंगूली, दीपलाना में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त हनुमानगढ़ क्षेत्र के जोड़कियां, टिब्बी के 2 के.एस.पी., 4 के.एस.पी., बशीर तथा संगरिया के हरीपुरा और किशनपुरा उतराधा में भी शिविर लगाए जाएंगे।

पशुपालन विभाग ने सभी पात्र पशुपालकों से अपील की है कि वे नजदीकी शिविर में पहुँचकर आवेदन करें और अपने पशुधन का निःशुल्क बीमा कर आर्थिक जोखिमों से स्वयं को सुरक्षित करें। इस योजना से जिले के पशुपालक न केवल अपने पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि भविष्य में आर्थिक हानि से बचाव भी कर सकते हैं।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story