असम विधानसभा चुनाव के रण में कांग्रेस पार्टी ने अपने रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान के दिग्गज युवा नेताओं को मैदान में उतारा है। नोहर विधायक अमित चाचाण को पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा असम के महत्वपूर्ण जोराहट विधानसभा क्षेत्र में प्रचार-प्रसार की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहाँ से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। विधायक अमित चाचाण असम पहुँचते ही पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी गतिविधियों में जुट गए हैं।

मंगलवार को विधायक अमित चाचाण ने जोराहट विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव गोगोई से मुलाकात कर आगामी चुनावी रणनीति और जमीनी समीकरणों पर विस्तृत चर्चा की। इसके उपरांत, चाचाण ने क्षेत्र में निरंतर जनसंपर्क करते हुए राजस्थान के प्रवासियों से भेंट की और कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की। मंगलवार को ही आयोजित एक विशाल रोड शो में विधायक अमित चाचाण ने शिरकत की, जहाँ उन्होंने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए पार्टी के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान उनके साथ सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विदित रहे कि कांग्रेस आलाकमान ने अमित चाचाण और अनिल शर्मा की सांगठनिक क्षमता पर विश्वास जताते हुए उन्हें जोरहाट जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा है। उल्लेखनीय है कि नोहर विधायक अमित चाचाण का प्रवासियों के साथ गहरा लगाव रहा है। असम के जोरहाट सहित विभिन्न व्यापारिक केंद्रों पर नोहर और सरदारशहर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में दशकों से निवास और व्यवसाय कर रहे हैं। राजस्थानी प्रवासियों के बीच इन दोनों नेताओं की मजबूत पकड़ और प्रभाव को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें इस राजनीतिक दौरे पर भेजा है, जिससे असम की धरती पर राजस्थानी मतों का ध्रुवीकरण कांग्रेस के पक्ष में किया जा सके।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story