नोहर, 9 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया को प्रदेश नेतृत्व की दिशा निर्देशों के तहत सीकर जिले का संगठन प्रभारी नियुक्त कर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी द्वारा की गई।

अभिषेक मटोरिया को सीकर जिले का संगठन प्रभारी बनाये जाने की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मटोरिया की नेतृत्व क्षमता और संगठन में उनके पिछले योगदान को याद करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक मटोरिया इससे पूर्व झुंझुनू और श्रीगंगानगर जिले के प्रभारी रह चुके हैं। हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने की उनकी शैली पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। मटोरिया की नेतृत्व में, सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को अंतिम स्तर तक पहुँचाने के लिए कई नए नवाचार और रणनीतियाँ समय-समय पर लागू की जाती रही हैं।

दो बार नोहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके मटोरिया ने नियुक्ति पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शीघ्र ही सीकर जिले का दौरा कर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी और आगामी रणनीतिक कार्य योजना तय की जाएगी।

इस नियुक्ति से न केवल सीकर जिले में भाजपा संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि मटोरिया के नेतृत्व में पार्टी की सक्रियता और योजनाओं के कार्यान्वयन में भी वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story