नोहर। हनुमानगढ़ जिले के नोहर शहर में मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। शनिवार को स्थानीय अग्रसेन भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अग्र सेवा संस्थान ने 'अग्रवंश आरोग्य बैंक' की स्थापना की घोषणा की है। यह परियोजना नोहर के इतिहास में पहली बार मरीजों के लिए सबसे बड़ी निशुल्क मेडिकल उपकरण सेवा के रूप में उभरेगी, जिसका सीधा लाभ सर्व समाज के जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा।

संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र कंदोई ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर गंभीर बीमारी या दुर्घटना के समय परिवारों को महंगे मेडिकल उपकरणों के लिए भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। मरीजों की इसी पीड़ा और आवश्यकता को देखते हुए संस्था ने 'अग्रवंश आरोग्य बैंक' का संकल्प लिया है। इस बैंक के माध्यम से शहर के आम मरीजों को अति आवश्यक चिकित्सा उपकरण घर पर उपयोग हेतु पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। यह सेवा केवल एक वर्ग विशेष के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के हित को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पश्चिम राजस्थान युवा अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश महामंत्री एवं संस्था संयोजक मुकेश हिसारिया ने बताया कि इस आरोग्य बैंक में दानदाताओं के सहयोग से लगभग 40 प्रकार के अत्याधुनिक उपकरण शामिल किए जाएंगे। इनमें हॉस्पिटल बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, बी-पैप मशीन, व्हीलचेयर, आई.वी. स्टैंड, एयर मैट्ट्रेस, वॉटर बेड, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, नेबुलाइजर और मसाजर जैसे जीवन रक्षक एवं सहायक उपकरण शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि एक माह के भीतर इस सेवा को पूर्ण रूप से क्रियान्वित कर दिया जाएगा, जिससे नोहर के चिकित्सा ढांचे को एक नया संबल मिलेगा।

संस्था की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए महासचिव मुकेश बंसल और प्रवक्ता किशन चाचाण ने बताया कि अग्र सेवा संस्थान के गठन को अभी मात्र एक माह का समय बीता है, लेकिन संस्थान ने सेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रियता सिद्ध कर दी है। संस्थान के प्रथम प्रोजेक्ट के रूप में सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए प्रतिमाह भगवान अग्रसेन जी का चालीसा पाठ और भजन संध्या का आयोजन शुरू किया गया है। इसकी पहली कड़ी अध्यक्ष राजेंद्र कंदोई के निवास पर संपन्न हो चुकी है। कार्यक्रम में उपस्थित अग्रवाल सभा समिति के महामंत्री विनोद गोल्याण ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक अत्यंत नेक और अनुकरणीय कार्य बताया।

इस महत्वपूर्ण घोषणा के अवसर पर संयोजक तिलोकचंद बंसल और कोषाध्यक्ष मनीष चाचाण ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता में अग्र सेवा संस्थान की टीम के सदस्य अंजनी बंसल, अजय सरावगी, प्रवेश चाचाण, राहुल गोल्याण, विकास जिंदल, मयंक मोदी, अमित अग्रवाल, हनुमान सराफ, मोहित जमालिया, पवन कंदोई, रितेश गर्ग, राजेश जैन, सतीश जिन्दल, सुशील जिंदल, पारुल गर्ग, अनुज खदरिया, रोहित मित्रुका, विशाल बंसल, पीयूष मोदी, राकेश अग्रवाल, कमल चाचाण, रामकिशन कंदोई और मुकेश हिसारिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह पहल न केवल चिकित्सा क्षेत्र में मददगार साबित होगी, बल्कि नोहर में सामुदायिक एकजुटता और निस्वार्थ सेवा की एक नई मिसाल पेश करेगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story