हनुमानगढ़, 29 नवंबर। जिले के बच्चों के उपचार को नई गति और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय में शनिवार को 20 बैड क्षमता वाला आधुनिक पिडियाट्रिक वार्ड शुरू कर दिया गया। एमसीएच यूनिट के तृतीय तल पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सहयोग से विकसित इस अत्याधुनिक वार्ड का शुभारम्भ जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में किया गया।

बाल चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई यह यूनिट पूरी तरह वातानुकूलित है, जिसके लिए उन्नत डक्ट सिस्टम लगाया गया है। नया वार्ड चाइल्ड केयर यूनिट के भीतर स्थापित किया गया है, ताकि आपात स्थितियों में मरीज बच्चों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। यह संरचना चिकित्सकों को गंभीर मामलों में तत्काल हस्तक्षेप का अवसर प्रदान करेगी।

नव निर्मित वार्ड के साथ ही 4 बैड की पिडियाट्रिक आईसीयू तथा 8 बैड की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) भी एनएचएम द्वारा विकसित की गई है। राज्य स्तर से आवश्यक मानव संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध होते ही इन दोनों महत्वपूर्ण इकाइयों को भी क्रियाशील कर दिया जाएगा। इनके शुरू होने से गंभीर रोग स्थितियों वाले बच्चों का उपचार और अधिक सुव्यवस्थित तथा तीव्र गति से हो सकेगा।

संसर्गजन्य रोगों से बचाव और संक्रमण नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए वार्ड में इंफेक्शन कंट्रोल प्रोटोकॉल लागू किया गया है। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन चादर बदलने हेतु कलर कोड सिस्टम लागू किया गया है। बच्चों के अनुकूल वातावरण बनाने के उद्देश्य से वार्ड में कार्टून प्रिंट वाले विशेष पर्दे लगाए गए हैं, जिससे नन्हे मरीज सहज महसूस कर सकें।

वार्ड में कुल 10 केबिन बनाए गए हैं, जिनमें आवश्यकता अनुसार बच्चों को आइसोलेट किया जा सकेगा। यह सुविधा विशेषतया संक्रामक रोगों से पीड़ित बच्चों को अन्य मरीजों से अलग रखने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।

नए पिडियाट्रिक वार्ड के शुभारम्भ के साथ ही जिले में बाल चिकित्सा सेवाओं की क्षमता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि मानी जा रही है। यह कदम न केवल आधुनिक चिकित्सा ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि जिले के अभिभावकों को भी भरोसे के साथ बच्चों के उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story