रावतसर के पोहड़का में 4 दिसम्बर को आयोजित होगा भव्य वाटरशैड महोत्सव, 20.75 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
रावतसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पोहड़का में 4 दिसम्बर, 2025 को भव्य वाटरशैड महोत्सव का आयोजन होगा। पीएमकेएसवाई 2.0 और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत 20.75 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ, टांका व तालाब निर्माण, पौधरोपण और कृषकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे।

हनुमानगढ़। ब्लॉक स्तरीय भव्य वाटरशैड महोत्सव का आयोजन 4 दिसम्बर, 2025 को रावतसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पोहड़का में किया जाएगा। इस अवसर पर पंचायत समिति रावतसर की प्रधान श्रीमती सरस्वती देवी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी अधिकारी मौजूद रहेंगे। महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र में जल संरक्षण, कृषि सुधार और स्थानीय उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
अधीक्षण अभियंता एवं पदेन परियोजना प्रबंधक, वाटरशैड सैल कम डाटा सेंटर श्री महेंद्र सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई 2.0) और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत स्वीकृत परियोजनाओं का शुभारंभ, पूर्ण कार्यों का लोकार्पण, श्रमदान और पौधरोपण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
ग्राम पंचायत पोहड़का और रामपुरा मटोरिया के कुल 15 गांवों में इन परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है। पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत राज्य सरकार द्वारा 20.75 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृत की गई है। इस योजना में पोहड़का के 10 और रामपुरा मटोरिया के 5 गांव शामिल हैं। परियोजना के अंतर्गत 242 कृषकों के फार्म पोंड/खेत तलाई, 156 कृषकों के खेतों में टांका निर्माण, 4 रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं, 9 सार्वजनिक टांके और 3 जोहड़/तालाब का निर्माण किया जाएगा।
योजना से लगभग 700 लघु एवं सीमांत कृषक तथा भूमिहीन लाभार्थियों को फलोद्यान, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन और अन्य कृषि-उत्पादन गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। स्वीकृत राशि का 2 प्रतिशत प्रवेश बिंदु गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में प्रार्थना स्थल मय शेड, बाल वाटिका, रूफटॉप हार्वेस्टिंग संरचना और गौशालाओं में खैल निर्माण जैसे 13 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
महोत्सव के दौरान परियोजना क्षेत्र के काश्तकारों को टांका निर्माण, खेत तलाई निर्माण, सार्वजनिक जल संरचनाओं के विकास और उत्पादन गतिविधियों संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। ग्राम पंचायत पोहड़का के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वीकृत प्रार्थना स्थल मय शेड का लोकार्पण कर परियोजना कार्यों की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (द्वितीय चरण) के तहत विभिन्न विभागों द्वारा परियोजना क्षेत्र में 1.44 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे। इनमें कृषि विभाग के 9, उद्यान विभाग के 9, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के 10, ग्राउंड वाटर विभाग का 1 और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 7 कार्य शामिल हैं। यह महोत्सव क्षेत्र में जल संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- वाटरशैड महोत्सवरावतसरपोहड़कापीएमकेएसवाई 2.0मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियानजल संरक्षणकृषि परियोजनाएंतालाब निर्माणटांका निर्माणकृषक प्रशिक्षणराजस्थान विकासRamphura MatoriaMahendra Singhwatershed festivalPMKSY 2.0Chief Minister Jal SwavalambanHanuMangarhfarm pondrooftop water harvestingrural developmentirrigation projects

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
