हनुमानगढ़, 4 दिसंबर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 (PMKSY 2.0) के अंतर्गत जलग्रहण और भू-संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आयोजित वाटरशेड महोत्सव-2025 का जिला स्तरीय मुख्य समारोह गुरुवार को ग्राम पंचायत पोहड़का में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा 16 नवंबर, 2025 से चल रहे महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोहड़का में आयोजित मुख्य समारोह में पीएमकेएसवाई 2.0 की प्रवेश बिंदु गतिविधियों के तहत निर्मित प्रार्थना स्थल सहित शेड का लोकार्पण किया गया। साथ ही शमशान भूमि 4 पीआरकेएम में पक्का जोहड़ निर्माण का शिलान्यास किया गया और योजना में प्रस्तावित लगभग 400 कार्यों का भूमि पूजन संपन्न हुआ। नव-निर्मित प्रार्थना स्थल में आयोजित इस भव्य समारोह की अध्यक्षता पंचायत समिति रावतसर की प्रधान श्रीमती सरस्वती देवी ने की।

अधीक्षण अभियंता श्री महेन्द्र कुमार ने इस अवसर पर परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 20.75 करोड़ रुपये की स्वीकृत योजना के अंतर्गत पोहड़का के 10 और रामपुरा मटोरिया के 5 गांवों में 242 फार्म पॉन्ड/खेत तलाई, 156 खेत टांके/जलकुंड, 17 सार्वजनिक जल संरचनाएं और 13 प्रवेश बिंदु गतिविधियों के कार्य पूर्ण या प्रगति पर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि परियोजना में कृषक फसल प्रदर्शन, पशु शेड, बकरी पालन यूनिट जैसी 691 उत्पादन गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि, वर्षा जल संरक्षण और जल उपयोग दक्षता में सुधार होगा।

पूर्व सरपंच श्री धर्मपाल ने किसानों से अपील की कि वे योजना का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि क्षेत्र का सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके। वहीं, पूर्व विधायक श्री अभिषेक मटोरिया ने अधिकारियों को परियोजना की समयबद्ध मॉनिटरिंग करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

समारोह के अंत में पोहड़का एवं रामपुरा मटोरिया के किसानों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही जलग्रहण महोत्सव के तहत आयोजित लेखन और रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नोहर पूर्व विधायक श्री अभिषेक मटोरिया, सरपंच रामपुरा मटोरिया श्रीमती आशु मटोरिया, सरपंच पोहड़का श्रीमती रोशन देवी, उपसरपंच श्रीमती सरोज लावा, जिला परिषद सदस्य श्री चेतराम मटोरिया सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने ग्रामीण विकास, जल संरक्षण और किसानों की समृद्धि को नए आयाम प्रदान करने का संदेश दिया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story