हनुमानगढ़, 9 दिसंबर। राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदल चुकी है। राज्य सरकार की दूरदर्शिता और जनसेवा की प्रतिबद्धता के चलते अब राजस्थान रोडवेज़ न केवल यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित और आरामदायक बन गया है, बल्कि वित्तीय स्थिरता की ओर भी कदम बढ़ा रहा है। दो वर्षों में 810 नई बसों की खरीद और 352 अनुबंधित बसों के शामिल होने ने प्रदेश की परिवहन व्यवस्था में नया अध्याय लिखा है।

राजस्थान जैसे विशाल और विविध भूगोल वाले राज्य में, जहां देश की कुल जनसंख्या का पांच प्रतिशत से अधिक आबादी निवास करती है, सार्वजनिक परिवहन केवल यात्रा का साधन नहीं बल्कि आर्थिक गतिविधियों की रीढ़, सामाजिक जुड़ाव और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने वाला महत्वपूर्ण आधार है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रोडवेज़ के संचालन, संसाधनों और रूट प्लानिंग में किए गए सुधारों ने इसे आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद की है।

इन सुधारों के परिणामस्वरूप, रोडवेज़ का संचालन घाटा जो पहले लगभग एक हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष था, घटकर करीब तीन सौ करोड़ रुपये रह गया है। डीजल की छीजत पर नियंत्रण, सुपरविजन व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, बस संचालन में दक्षता और यात्रियों की संख्या में वृद्धि जैसे कदमों ने इस वित्तीय सुधार को संभव बनाया।

नई और अनुबंधित बसों के शामिल होने से न केवल यात्रियों को समयबद्ध और आरामदायक यात्रा का लाभ मिला है, बल्कि रोडवेज़ की कमाई और परिचालन क्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। आने वाले समय में सरकार रोडवेज़ के बेड़े में और 800 नई बसों को जोड़ने की योजना बना रही है, जिससे प्रदेश के अधिक क्षेत्रों में बेहतर बस सेवा उपलब्ध होगी और रोडवेज़ को पूरी तरह लाभदायक इकाई बनाया जा सकेगा।

राजस्थान रोडवेज़ का यह कायाकल्प राज्य में सुशासन, जवाबदेही और जन-केंद्रित नीतियों का उदाहरण बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब नई दिशा और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है, और यह परिवर्तन आने वाले वर्षों में भी लगातार प्रभावी बने रहने का संकेत देता है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story