हनुमानगढ़, 21 दिसंबर। मुख्यमंत्री की बजट पहल के तहत किसानों की क्षमता वृद्धि और कृषि व संबद्ध क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों के समावेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित नॉलेज एन्हांसमेंट प्रोग्राम के तहत हनुमानगढ़ के 40 कृषकों का प्रशिक्षण दल आज गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखंड) के लिए रवाना हुआ।

जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जिला मुख्यालय से प्रशिक्षण दल को हरी झंडी दिखाकर भव्य रवाना किया। प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम 21 दिसम्बर से 27 दिसम्बर, 2025 तक चलेगा। रवानी से पूर्व जिला सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर ने कृषकों से कहा कि यह प्रशिक्षण उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नए नवाचारों को सीखने का अनूठा अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कृषकों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में अपनाई जा रही उन्नत तकनीकों की गहन जानकारी प्राप्त करें और वहां के कृषि वैज्ञानिकों से संवाद कर हनुमानगढ़ की जलवायु के अनुकूल नवाचारों को समझें।

जिला कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा है कि कृषक प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकों को अपने खेतों में अपनाएं और अन्य किसानों को भी इसके लाभ से अवगत कराएं। उन्होंने प्रशिक्षण दल को सफल प्रशिक्षण की शुभकामनाएं दी।

संवाद कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा सुभाष चंद्र डूडी ने बताया कि जिले में कृषक आलू, कीनू तथा विभिन्न सब्जी फसलों में कई नवाचार अपना रहे हैं। इन उपलब्धियों को जिले की विशेष उपलब्धि के रूप में 23 दिसम्बर, 2025 को मेड़ता (नागौर) में आयोजित किसान सम्मेलन में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कृषकों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण के दौरान कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और नवीन तकनीकों की जानकारी भी अवश्य प्राप्त करें।

साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष प्राकृतिक खेती और तिलहन फसलों को मिशन मोड में लिया गया है। इन विषयों पर शीघ्र ही जिला कलेक्टर के निर्देशन में विशेष प्रशिक्षण और भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रशिक्षण दल के प्रभारी के रूप में आत्मा उप परियोजना निदेशक श्री करणजीत सिंह और सह-प्रभारी के रूप में कृषि पर्यवेक्षक श्री संदीप रणवा नियुक्त किए गए हैं। रवानगी और संवाद कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्री प्रमोद कुमार, उप निदेशक उद्यान डॉ. रमेश बराला, सहायक निदेशक कृषि विस्तार श्री बलकरण सिंह, कृषि अधिकारी श्री कुलवंत सिंह, तथा कृषि अनुसंधान अधिकारी (रसायन) श्री अभिषेक गोदारा सहित अन्य कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण न केवल किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से अवगत कराएगा, बल्कि उन्हें स्थानीय जलवायु के अनुकूल नवाचार अपनाने और पूरे जिले में कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सशक्त भी बनाएगा।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story