नोहर, 22 नवंबर। नोहर में बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर रुकने वाले युवक और उसके भाई पर कार सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घटना के बाद अपनी कार छोड़कर फरार हो गए।

संदीप (25) पुत्र बृजलाल मेघवाल निवासी चक गोकुलपुरा, 16 आरडब्ल्यूडी तहसील रावतसर ने पुलिस को बताया कि उनका सगा भाई भूपसिंह बाइक से गोगामेड़ी गया हुआ था। रात करीब 10 बजे जब भूपसिंह देइदास नहर और गिल होटल के पास पहुंचा, तो उसकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। भूपसिंह ने संदीप और उनके मित्र बुधराम को फोन कर पेट्रोल लाने के लिए बुलाया।

जैसे ही संदीप और बुधराम बाइक लेकर भूपसिंह के पास पहुंचे, भूकरका की तरफ से तेज रफ्तार से आई कार (नंबर एचआर 26 एयू 8685) उनके पास रुकी। कार से सुनील पुत्र देवीलाल, महेन्द्र पुत्र राकेश और रवि पुत्र पवन उतरे, जिनके हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने भूपसिंह पर बुरी तरह हमला करना शुरू कर दिया। सुनील ने जान से मारने की नियत से भूपसिंह के सिर पर प्रहार किया, जिससे उसका सिर लहूलुहान हो गया। संदीप ने भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे भी हाथ में चोट लगी।

घटना के दौरान राहगीरों और बुधराम के बीच-बचाव करने पर हमलावर डर के मारे कार में बैठकर भागने लगे। हड़बड़ी में उनकी कार किकर के पेड़ से टकरा गई, जिससे वे कार छोड़कर पैदल फरार हो गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल भूपसिंह को नोहर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हनुमानगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय रेफर किया, जहां उनका इलाज जारी है।

नोहर पुलिस ने संदीप की रिपोर्ट पर कार सवार तीनों व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश एएसआई जगदीश प्रसाद के सुपुर्द कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story