ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत खेरवाड़ा में आयोजित ग्राम सेवा शिविर समाधान और जनसुनवाई का प्रभावी मंच बनकर उभरा। उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में निचला खेरवाड़ा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भूमि, राजस्व, प्रमाण-पत्र, निर्माण स्वीकृति, रोजगार तथा अन्य विभागीय मामलों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त प्रकरणों का त्वरित समाधान किया गया तथा जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया आवश्यक थी, उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

नोडल प्रभारी एवं विकास अधिकारी मदन लाल लोहार की मौजूदगी में आयोजित शिविर में भाजपा के उपखंड प्रभारी जयदीप फड़िया, देहात जिला मंत्री अमित कलाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, मंडल महामंत्री विक्रांत कोठारी, भाजपा नेता पारस जैन, सहायक विकास अधिकारी रमीला भनात, सरपंच एवं प्रशासक लक्ष्मी अहारी, पंचायत जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात तथा ग्राम विकास अधिकारी विजय मेनारिया ने भी शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शिविर के दौरान राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में नामांतरण के 10, शुद्धिकरण के 3 तथा बंटवारे का 1 प्रकरण निस्तारित किया गया। इसके अलावा जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र, रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों से जुड़े 24 मामलों, भवन निर्माण स्वीकृति के 6 प्रकरणों, जॉब कार्ड तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों सहित अनेक मामलों का समाधान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 256 लोगों के बीपी एवं शुगर परीक्षण, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जांच, बच्चों के टीकाकरण तथा टीबी जांच जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। वहीं आयुर्वेद विभाग द्वारा 68 लोगों को परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं दी गईं।

पशुपालन विभाग ने भी शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 16 पशुओं का उपचार किया तथा मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित 14 मामलों का निष्पादन किया।

शिविर के समापन पर पात्र लाभार्थियों को समाधान प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ग्राम सेवा शिविर ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत करते हुए विभिन्न विभागीय सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल का परिचय दिया।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story