वजीरपुर में आठ दिन से बंद मुख्य मार्केट का रास्ता, करवा चौथ पर जाम से जूझे लोग
वजीरपुर में मुख्य रोड से मुख्य मार्केट जाने वाला रास्ता करीब आठ दिन से बंद है। खुदाई के दौरान जलदाय विभाग की पाइपलाइन टूटने के बाद मरम्मत नहीं होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। करवा चौथ पर वैकल्पिक मार्ग पर जाम लगा और लोगों को परेशानी हुई।

वजीरपुर के मुख्य बाजार मार्ग पर नाले के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई जलदाय विभाग की पाइपलाइन, जिसकी आठ दिनों से मरम्मत न होने से आवागमन प्रभावित है।
वजीरपुर में नगर पालिका और जलदाय विभाग के बीच तालमेल की कमी के चलते मुख्य रोड से मुख्य मार्केट की ओर जाने वाला रास्ता पिछले करीब आठ दिनों से बंद पड़ा है। पाइपलाइन टूटने के बाद अब तक मरम्मत नहीं होने से आवागमन बाधित है। गुरुवार को करवा चौथ के अवसर पर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी तो वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और बार-बार जाम की स्थिति बनी रही। इससे आमजन, राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की ओर से मुख्य नाले में पाइप लगाने के लिए खुदाई करवाई गई थी। इस दौरान जलदाय विभाग की पाइपलाइन टूट गई, जिससे उसमें लीकेज होने लगा और नलों से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। नगर पालिका ने मुख्य नाले की चुनाई करवाकर उसके ऊपर ब्लॉक बिछाते हुए रास्ता चालू करने का प्रयास किया, लेकिन जलदाय विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते मुख्य मार्केट की ओर जाने वाला रास्ता अब तक सुचारू नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलदाय विभाग से संपर्क करने पर जल्द ही श्रमिक भेजकर पाइपलाइन ठीक करवाने की बात कही गई थी। हालांकि, दो दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई श्रमिक मौके पर पहुंचा और न ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जोड़ा गया। इसके कारण रास्ता बंद रहने से लोगों को आवागमन के लिए दूसरे मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।
गुरुवार को करवा चौथ के अवसर पर बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ रही। मुख्य मार्केट तक पहुंचने का रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी हुई। वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण बार-बार जाम लगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका और जलदाय विभाग को आपसी समन्वय से समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर रास्ते को आवागमन के लिए खोला जाए, ताकि लोगों और व्यापारियों को हो रही परेशानी दूर हो सके। आमजन ने संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर रास्ता चालू कराने और राहत दिलाने की मांग की है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
