सुन्दरावली हत्याकांड: गंगापुर सिटी में विप्र समाज ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
पंचायत चुनाव की रंजिश में ब्रजेश शर्मा की हत्या व परिजनों पर हमले के विरोध में ब्राह्मण समाज ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पुलिस सुरक्षा और आर्थिक सहायता की मांग की।

सुन्दरावली हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर गंगापुर सिटी में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते विप्र समाज के पदाधिकारी।
ग्राम सुन्दरावली में पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते श्री ब्रजेश शर्मा की निर्मम हत्या और उनके परिवार के लगभग एक दर्जन सदस्यों पर लाठी-डंडों एवं पत्थरों से किए गए जानलेवा हमले को लेकर गंगापुर सिटी में आक्रोश गहराता जा रहा है। घटना के विरोध में विप्र फाउंडेशन एवं ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड और परिवार पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच तथा दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने, घायलों का निःशुल्क एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा दिवंगत श्री ब्रजेश शर्मा के आश्रित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और पुनर्वास प्रदान करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद से मतदान करने और किसी भी प्रत्याशी का समर्थन करने का अधिकार है। चुनावी रंजिश के चलते किसी निर्दोष की हत्या करना और उसके परिवार पर जानलेवा हमला करना सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और उनका विरोध किसी जाति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि अपराध और अन्याय के खिलाफ है।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से इस प्रकरण में तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में दिलीप तिवारी (जिला अध्यक्ष, विप्र फाउंडेशन), सुरेश चंद शर्मा (प्रदेश कोषाध्यक्ष, विप्र फाउंडेशन), वासुदेव शर्मा (उपाध्यक्ष, ब्राह्मण समाज), राकेश उपाध्याय (महामंत्री, ब्राह्मण समाज), घनश्याम शर्मा (संगठन मंत्री, ब्राह्मण समाज), दुर्गेश शर्मा (संगठन मंत्री, युवा प्रकोष्ठ), जितेन्द्र शर्मा (उपाध्यक्ष, विप्र फाउंडेशन), राजेश शर्मा (महामंत्री, विप्र फाउंडेशन), दीपक शास्त्री (अध्यक्ष, ब्राह्मण समाज महूकला), शैलेन्द्र शर्मा (पूर्व अध्यक्ष, ब्राह्मण समाज महूकला), कीर्ति शर्मा (महामंत्री), विकास शुक्ला (उपाध्यक्ष), रामस्वरूप शर्मा (संरक्षक), बाबूलाल शर्मा, डालचंद शर्मा (पूर्व मंत्री) एवं कमलेश बामोरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एकजुटता जाहिर करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक उनकी आवाज बुलंद रहेगी। सुन्दरावली हत्याकांड को लेकर सौंपे गए इस ज्ञापन के माध्यम से समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार से मामले में त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
