गंगापुर सिटी। सवाई माधोपुर अंडर-14 चैलेंजर क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मुकाबलों में ज्योति बाल निकेतन क्रिकेट क्लब और मलारना की टीमों ने जीत दर्ज की। जयपुर रोड स्थित क्रिएटिव स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए पहले मुकाबले में ज्योति बाल निकेतन ने रेलवे क्रिकेट क्लब को 39 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में आदित्य सिंह की 114 रन की शतकीय पारी की बदौलत मलारना ने एसडब्ल्यूएम को 90 रन से पराजित किया।

पहला मुकाबला ज्योति बाल निकेतन क्रिकेट क्लब और रेलवे क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। रेलवे क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ज्योति बाल निकेतन की टीम 20 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से भानू प्रताप ने 19 और जेसन स्वामी ने 16 रन बनाए। रेलवे क्रिकेट क्लब की तरफ से देव चंदेल ने तीन और कृतेश गुर्जर ने दो विकेट लिए।

90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे क्रिकेट क्लब की टीम ज्योति बाल निकेतन के गेंदबाजों के सामने 47 रन पर सिमट गई। ज्योति बाल निकेतन की ओर से लक्की वैरागी ने तीन विकेट लिए, जबकि अक्षांश और कुशाल मीना ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के दम पर ज्योति बाल निकेतन क्रिकेट क्लब ने 39 रन से मुकाबला जीत लिया।

दिन का दूसरा मुकाबला मलारना और एसडब्ल्यूएम के बीच खेला गया। मलारना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने 114 रन की शतकीय पारी खेली। एसडब्ल्यूएम की ओर से डेनियल बैरवा ने पांच विकेट हासिल किए।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडब्ल्यूएम की टीम 85 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से देवांग ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। मलारना की ओर से यतीश नेगी ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह मलारना ने 90 रन से जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजनीकांत जैन ने बताया कि सोमवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। सुबह टाइगर और क्रिएटिव की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि दोपहर बाद मलारना और लोको स्टार के बीच मुकाबला होगा। दोनों मैच क्रिएटिव स्पोर्ट्स एकेडमी, गंगापुर सिटी में आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मोहम्मद अनीश, राजेंद्र महावर, केशव पीटीआई, अरुण चौधरी, लोकेश मीना (आरसीए स्कोरर), श्री मीना और मोहम्मद शाबीर सहित खिलाड़ियों के अभिभावक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के रविवार के मुकाबलों में ज्योति बाल निकेतन और मलारना की जीत के साथ सोमवार को होने वाले मैचों का कार्यक्रम भी तय रहा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story