सवाई माधोपुर। दीपावली से पहले मिठाई और ड्राईफ्रूट्स की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सवाई माधोपुर में जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभाग की टीम ने शहर के बड़े प्रतिष्ठानों और मिठाई गोदामों पर कार्रवाई करते हुए मिठाइयों एवं ड्राईफ्रूट्स के कुल 6 नमूने लिए। इस दौरान मिठाइयों पर इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट की आशंका को लेकर हलवाइयों को सतर्क किया गया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिले में "शुद्ध आहार मिलावट पर वार" अभियान के तहत सघन जांच की जा रही है। दीपावली के लिए मिठाइयां तैयार होने और बाजार में उनकी बिक्री की तैयारियों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान टीम ने जनता जोधपुर स्वीट्स होम के गोदाम पर छापा मारकर तैयार मिठाइयों की जांच की। यहां से गुलाब जामुन, काजू कतली और कलाकंद के नमूने लिए गए। इसी प्रकार विनायक वाला, सिटी मॉल से काजू कतली एवं बर्फी, पारस कचौरी नमकीन एंड स्वीट्स से मावा बर्फी तथा सुरुचि ड्राईफ्रूट्स से अखरोट और पिस्ता के नमूने लिए गए।

प्रयोगशाला में होगी नमूनों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रयोगशाला जांच में खाद्य सामग्री अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यक सुधार के लिए मौके पर ही सुधार नोटिस जारी किए गए।

चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट को लेकर चेतावनी

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाइयों पर इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क को लेकर भी हलवाइयों को जागरूक किया। टीम ने बताया कि हाल ही में चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट के मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए हलवाइयों को चांदी के वर्क का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और इसके उपयोग से बचने के लिए पाबंद किया गया।

यह कार्रवाई वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की टीम ने की। दीपावली के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई में खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच के साथ मिठाई निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों को गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी निर्देश भी दिए गए।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story