कोटा के यात्री का ट्रेन में छूटा 1.05 लाख का सामान सुरक्षित लौटाया, RPF ने दिखाई तत्परता
मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस में कोटा निवासी सुशील कुमार का आईपैड, लैपटॉप सहित 1.05 लाख रुपये का सामान छूट गया। गंगापुर सिटी स्टेशन पर आरपीएफ ने बैग बरामद कर सत्यापन के बाद यात्री को सुरक्षित लौटाया।

तस्वीर में गंगापुर सिटी रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट पर यात्री सुशील कुमार को उनका छूटा हुआ सामान सुरक्षित लौटाते हुए आरपीएफ कर्मी।
कोटा। मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस में सफर के दौरान कोटा निवासी एक यात्री का करीब 1.05 लाख रुपये मूल्य का सामान छूट गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत तत्परता दिखाते हुए गंगापुर सिटी स्टेशन पर बैग बरामद किया और आवश्यक सत्यापन के बाद यात्री को सुरक्षित लौटा दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस के बी-3 कोच की सीट संख्या 12 पर एक यात्री का काले रंग का पिट्ठू बैग छूट गया था। ट्रेन के गंगापुर सिटी स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक कालूराम मीणा ने तत्काल कोच की जांच की। इस दौरान बैग बरामद कर उसे सुरक्षित रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट गंगापुर सिटी में जमा कराया गया।
जांच में सामने आया कि बैग कोटा निवासी यात्री सुशील कुमार का था, जो बोरीवली से कोटा की यात्रा कर रहे थे। कोटा स्टेशन पर उतरते समय जल्दबाजी में उनका बैग सीट पर ही छूट गया था। बैग में एप्पल आईपैड, सैमसंग लैपटॉप, चार्जर, पावर बैंक, ईयरबड्स सहित अन्य सामान रखा था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये बताई गई।
बाद में यात्री सुशील कुमार गंगापुर सिटी स्थित रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और सामान की पहचान की पुष्टि करने के बाद सहायक उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने पूरा बैग सामान सहित उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से यात्री का करीब 1.05 लाख रुपये का सामान सुरक्षित वापस मिल गया। कोटा मंडल में ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तत्परता सामने आई।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
