रणथंभौर में पहली बार होगा राजऐपीकॉन-2026, देशभर के 1000 चिकित्सक होंगे शामिल
रणथंभौर के होटल नाहरगढ़ में 24 और 25 अक्टूबर को राजऐपीकॉन-2026 का आयोजन होगा। देशभर से 1000 चिकित्सक, 100 विशेषज्ञ वक्ता, 200 से अधिक शोध प्रस्तुतियां और चार विशेष कार्यशालाएं सम्मेलन का हिस्सा होंगी।
रणथंभौर में राजऐपीकॉन-2026 की पूर्व संध्या पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते आयोजन समिति के सदस्य और चिकित्सक।
राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर में पहली बार जनरल फिजिशियन्स का वैज्ञानिक सम्मेलन ‘राजऐपीकॉन-2026’ आयोजित होने जा रहा है। राजस्थान चैप्टर ऑफ एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडिया (API) के 38वें वार्षिक सम्मेलन में देशभर से लगभग 1000 चिकित्सकों के शामिल होने की संभावना है। 24 एवं 25 अक्टूबर को रणथंभौर स्थित होटल नाहरगढ़ में होने वाले इस सम्मेलन में 100 विशेषज्ञ वक्ता व्याख्यान देंगे। इनमें 20 राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ राजस्थान के विभिन्न जिलों से चिकित्सक और सुपर स्पेशलिस्ट भी भाग लेंगे।
आयोजन सचिव डॉ. सुमीत गर्ग ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों को चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों, आधुनिक निदान तकनीकों और उपचार पद्धतियों से अवगत कराना है। सम्मेलन के मुख्य संरक्षक डॉ. के.के. पारीक एवं डॉ. गिरीश माथुर हैं।
सम्मेलन में विभिन्न बीमारियों, उनके निदान, आधुनिक उपचार तकनीकों, आपातकालीन एवं गहन चिकित्सा, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और संक्रामक रोगों पर वैज्ञानिक चर्चा होगी। वैज्ञानिक अध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी शारदा ने बताया कि कार्यक्रम में 200 से अधिक क्लिनिकल केस और शोध प्रस्तुतियां होंगी। चिकित्सकों के व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाने के लिए चार विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्यक्ष व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर रहेगा।
सम्मेलन में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को भी विशेषज्ञों के साथ संवाद करने, विभिन्न मामलों पर चर्चा करने और शोध प्रस्तुतियां देने के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों के आदान-प्रदान के साथ निदान और उपचार की आधुनिक पद्धतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आयोजन चेयरमैन डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि त्रिनेत्र गणेश जी की पावन नगरी रणथंभौर में आयोजित यह सम्मेलन चिकित्सकों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ अपने अनुभव साझा करने और मरीजों के बेहतर उपचार के लिए नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर देगा।
सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे होटल नाहरगढ़ में होगा। इसमें API के प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. अशोक तनेजा मुख्य अतिथि होंगे। ICP के डीन डॉ. गिरीश माथुर एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. के.के. पारीक अतिथि सम्मान के रूप में शामिल होंगे, जबकि API के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पुनीत सक्सेना विशिष्ट अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में API राजस्थान चैप्टर की ओर से प्रदेश के 18 वरिष्ठ फिजिशियन्स को चिकित्सा सेवाओं, दीर्घकालीन योगदान और समाज के प्रति समर्पण के लिए ‘वरिष्ठ फिजिशियन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही चिकित्सा अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को रिसर्च अवार्ड्स से सम्मानित किया जाएगा।
दो दिवसीय राजऐपीकॉन-2026 में विशेषज्ञ व्याख्यान, 200 से अधिक क्लिनिकल केस और शोध प्रस्तुतियों तथा चार विशेष कार्यशालाओं के जरिए चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। रणथंभौर में पहली बार आयोजित हो रहा यह सम्मेलन चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक संवाद तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी साझा करने का मंच बनेगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
